दुर्ग
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 7 अक्टूबर। सस्ते दाम में सोने का बिस्किट दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को रानीतराई पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर लोगों को विश्वास में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम देता था।
ज्ञात हो कि ग्राम रेंगाकठोरा निवासी समीर साहू ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के समक्ष धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर रानीतराई थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) और 111 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया, जिससे आरोपियों की लोकेशन उत्तर प्रदेश में ट्रेस हुई। न्यायालयीन अनुमति लेकर रानीतराई पुलिस की टीम गाजियाबाद रवाना हुई और इंदिरापुरम थाना क्षेत्र से आरोपी विश्वजीत मौर्य (29 वर्ष) निवासी रायबरेली, हाल मुकाम इंदिरापुरम, गाजियाबाद को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी राहुल कुमार के साथ मिलकर सोने का बिस्किट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।