दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 5 अक्टूबर। सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति नागरिक जिम्मेदारी बढ़ाने के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने जिलेभर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया है। वर्ष 2026 के बीते 9 महीनों में पुलिस ने कुल 2 हजार 332 कार्यक्रम आयोजित कर 1 लाख 60 हजार 652 लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति सीधे जागरूक किया।
डर से नहीं, जिम्मेदारी से करें नियमों का पालन
यातायात पुलिस के अनुसार, इस अभियान का मूल उद्देश्य चालान के डर को हटाकर आत्म-सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित गतिविधियां चलाई जा रही हैं।
अभियान के तहतस्कूल-कॉलेजों में ट्रैफिक क्लास लेकर छात्र-छात्राओं को बुनियादी नियमों और सुरक्षा मानकों की विधिवत जानकारी दी गई। हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और नशामुक्त ड्राइविंग का संदेश देने के लिए हेलमेट रैलियों और नाट्य मंचन का सहारा लिया गया। चौक चौराहों पर वाहन चालकों को रोक कर नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान सडक़ सुरक्षा के साथ-साथ वर्तमान में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी नागरिकों को सतर्क किया जा रहा है।
दुर्ग यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सडक़ सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, नागरिक स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित करें।