दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 4 अक्टूबर। कमीशन पर माल सप्लाई कर बिक्री की रकम हड़पने वाले आरोपी को पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। आरोपी पर फर्म के साथ 3 लाख 70 हजार 49 रुपये की अमानत में खयानत का आरोप है।
पुलगांव पुलिस के अनुसार दिव्यांश कुकरेजा ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी फर्म शिवम शुभ शॉप एवं केमिकल वर्क्स चंदखुरी में आकाश शुक्ला (34 वर्ष) निवासी चंगोराभाठा रायपुर कमीशन पर वॉशिंग पाउडर व साबुन सप्लाई का कार्य करता था। आरोपी ने विभिन्न व्यावसायिक फर्मों को माल सप्लाई कर उनसे प्राप्त बिक्री राशि फर्म में जमा नहीं की और स्वयं रख ली। इसके अलावा 28 अप्रैल को भेजी गई 122 बोरी वॉशिंग पाउडर को भी तय स्थान के बजाय दूसरी जगह खाली करवाकर उसकी राशि हड़प ली।
जांच में गबन की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपी आकाश शुक्ला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) के तहत मामला दर्ज किया है।