दुर्ग

निगम अफसर-कर्मी को सेवानिवृत्ति पर दी विदाई
01-Oct-2026 9:09 PM
निगम अफसर-कर्मी को सेवानिवृत्ति पर दी विदाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 1 अक्टूबर। नगर पालिक निगम भिलाई की सेवा में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अधिवार्षिकी आयु 62 वर्ष पूर्ण करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान में बुधवार को निगम सभागार कक्ष में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर महापौर परिषद सदस्य संदीप निरंकारी, मुख्य अभियंता अजीत कुमार तिग्गा, कार्यपालन अभियंता अरविन्द शर्मा सहित अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके दीर्घकालीन सेवाकाल के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

विदाई समारोह में सहायक राजस्व अधिकारी जगदीश प्रसाद तिवारी, स्टेनोग्राफर ग्रेड-3 देवेन्द्र कुमार वर्मा, वाहन चालक मोहन राव एवं मिलउराम देवांगन, मजदूर राजेन्द्र सिंह, चौकीदार बुधारू राम तथा सफाई कामगार एन डेविड को शाल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयुक्त ने सेवानिवृत्त होने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों के सेवाकाल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि निगम की सेवाओं में रहते हुए सभी ने अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया है।

 उनके अनुभव और सेवाभाव से निगम के कार्यों को आगे बढ़ाने में योगदान मिला है। सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसके बाद व्यक्ति अपने परिवार और व्यक्तिगत जीवन के लिए अधिक समय दे सकता है।

महापौर परिषद सदस्य संदीप निरंकारी एवं मुख्य अभियंता ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को स्वस्थ, सुखी एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। साथ ही उनके द्वारा निगम की सेवा में दिए गए योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट