दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 सितंबर। जामुल थाना अंतर्गत ढांचा भवन स्थित दुर्गा पंडाल के पास हुए विवाद में एक युवक पर पिकअप वाहन चढ़ाकर उसकी हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया गया है।
कैलाश नगर निवासी प्रार्थी नारायण सिंह की रिपोर्ट के अनुसार 25 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे उनके भतीजे अंकित सिंह के जन्मदिन के दौरान ढांचा भवन दुर्गा पंडाल के पास विवाद हुआ। वहां गोपी अपने साथियों के साथ पिकअप वाहन में पहुंचा था। कहासुनी और गाली-गलौज के बीच आरोपी ने पिकअप को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए अंकित पर चढ़ा दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल अंकित को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जामुल पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घेराबंदी कर चारों आरोपियों गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (23), गुरप्रीत सिंह उर्फ गगन (24), मिलिंद साहू (21) और शुभम शर्मा (21) को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल वाहन क्रमांक सीजी 07 डीसी 6706 जब्त किया।