दुर्ग

नि:शुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण व पेट हेल्थ कैंप आयोजित
28-Sep-2026 9:25 PM
नि:शुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण व पेट हेल्थ कैंप आयोजित

दुर्ग, 28 सितंबर। दुर्ग वेट क्लिनिक, पद्मनाभपुर द्वारा पालतू पशुओं में रेबीज की रोकथाम एवं पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नि:शुल्क एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन एवं पेट हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया।

यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित हुआ। शिविर के दौरान 30 कुत्तों एवं 20 बिल्लियों को नि:शुल्क एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गई। वहीं करीब 20 कुत्तों एवं बिल्लियों का नि:शुल्क डी-वॉर्मिंग किया गया। शिविर में आने वाले सभी पालतू पशुओं का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श भी प्रदान किया गया।

पालतू पशु मालिकों के लिए वार्षिक टीकाकरण पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट भी दी गई। इसके अतिरिक्त नि:शुल्क शैम्पू एवं चयनित दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर का नेतृत्व डॉ. आदित्य दुबे ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में दुर्ग वेट क्लिनिक के संचालक इमरान खान, मैनेजर लक्ष्मी नारायण साहू, डॉ. सुरेंद्र कुमार साहू, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. साहिल जश, टेक्निकल असिस्टेंट उज्जवल चंद्राकर, कुमकुम साहू तथा वेटरिनरी छात्र आयुष नवरंग का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

डॉ. आदित्य दुबे ने कहा कि रेबीज एक गंभीर लेकिन टीकाकरण के माध्यम से रोकी जा सकने वाली बीमारी है। पालतू पशुओं का समय पर टीकाकरण न केवल उन्हें सुरक्षित रखता है, बल्कि उनके संपर्क में आने वाले लोगों और समाज को भी रेबीज के खतरे से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


अन्य पोस्ट