दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 सितंबर। पिछले दो दिनों तक लगातार हुई मुसलाधार बारिश की वजह से शिवनाथ नदी में खतरे के निशान से दो फीट ऊपर तक पानी बह रहा है। शिवनाथ में आई बाढ़ से हजारों एकड़ की फसल पानी में डूब गई है। वहीं सैकड़ों घरों में पानी भर जाने से भारी नुकसान हुआ।
इधर जिले से गुजरने वाली आमनेर नदी में भी बाढ़ की कहर से अनेक ग्रामों के लोग प्रभावित हुए हैं। नदी पर राजनांदगांव-धमधा मार्ग में बना पुल पानी डूबा हुआ है इससे आवागमन अवरुद्ध होने से पुल के दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार लगी हुई है। इधर दुर्ग में पहली बार एक ही दिन में रिकार्ड 187 मिमी वर्षा दर्ज की गई। शिवनाथ नदी तट पर बसे ग्राम झेंझरी एवं सहगांव चारों ओर से पानी से घिर गया है। सहगांव निवासी राजा पटेल ने बताया कि परसों रात से ग्राम में बिजली बंद होने से पानी की समस्या हो रही थी। आज लगभग डेढ़ घंटा तक बिजली आने पर पेयजल के लिए पानी मिल पाया, यहां लगभग 500 लोग निवासरत है। करंजा भिलाई के पूर्व सरपंच दिलीप वर्मा ने बताया कि ग्राम झेंझरी पानी से घिर गया। ग्राम के मुख्य पहुंच मार्ग जलमग्न हो गया है। शुक्रवार से बिजली बंद होने के कारण पेयजल की दिक्कत होने पर टैंकर से ग्राम में पानी सप्लाई किया जा रहा है, अभी भी पानी बढ़ते क्रम में है।
बाढ़ की हालात के चलते अनेक मार्गों में आवागमन अवरुद्ध हो गया है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जीवन वर्मा ने बताया कि आमनेर नदी में ग्राम डोडक़ी व घोठा के बीच बना पूल के ऊपर से पानी बह रहा है। इससे राजनांदगांव-धमधा देवकर मार्ग में आवा गमन अवरुद्ध है। इसी प्रकार दुर्ग-धमधा मार्ग में समोदा नाला पुल के तीन फीट ऊपर तक पानी का बहाव होने से आवागमन अवरुद्ध है। पुलगांव चौक से पोटिया महाराजा चौक रोड में पानी भरा होने से आवागमन बाधित है।
पुलगांव नाला पर आवागमन बाधित न हो इसके लिए करोड़ों की लागत से पुल निर्माण किया गया। मगर पुल के पहले दोनों छोर पर पानी का बहाव होने से सडक़ पूरी तरह जाम हो गया है। इसके पूर्व भी ऐसी स्थिति बन चुकी है परंतु इसके तकनीकी खामी को दूर कर बाढ़ की स्थिति आवागमन को बहाल रखने अब तक कोई पहल नहीं की गई है। शिवनाथ नदी में जलाशयों से आज सुबह छोड़ा 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसकी वजह से बारिश थमने के बावजूद शाम तक भी जल स्तर कम नहीं हुआ था। आज सुबह से तांदुला, खरखरा एवं मटियामोती जलाशय लगभग 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं राजनांदगांव जिला स्थित मोंगरा, सूखानाला, खातू टोला, घुमरिया जलाशय से 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया हालांकि शाम को इसे कम कर 9 हजार क्यूसेक कर दिया गया। इस तरह अभी भी शिवनाथ में जलाशयों से 34 हजार क्यूसेक पानी आ रहा है।