दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई , 26 सितंबर। महिला एवं बाल विकास विभाग (परियोजना दुर्ग ग्रामीण) द्वारा सेक्टर उतई के मंगल भवन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष व विधायक ललित चंद्राकर रहे। कार्यक्रम में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, जिला पंचायत सदस्य श्रद्धा साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू, उपाध्यक्ष शिवनारायण देशमुख सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार पांडे ने बताया कि आंगन मिलन सेवा का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं व मितानिनों का सम्मान करने के साथ स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पौष्टिक थाली, न्योता भोज और खिलौना बैंक के माध्यम से आंगनबाडिय़ों को सक्षम बनाना विभाग की प्राथमिकता है।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि गर्भवती माताओं के स्वस्थ रहने से ही आने वाली पीढ़ी स्वस्थ होगी। उन्होंने सनातन परंपरा गोद भराई और अन्नप्राशन को पोषण अभियान से जोडऩे के पहल की सराहना करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन दीदियां घर-घर जाकर कुपोषण के खिलाफ लड़ाई लड़ रही हैं।
परियोजना अधिकारी उषा झा ने सुकन्या समृद्धि योजना के तहत बच्चियों का खाता खुलवाने की अपील की, वहीं पर्यवेक्षक प्रमिला वर्मा ने अन्य विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। गर्भवती माताओं (ममता यादव, तारिणी यादव, वासनी गौतम, प्रियंका, राधिका, दीपेश्वरी साहू और दीपिका गायकवाड़) की गोद भराई कर सुपोषण टोकरी भेंट की गई। 6 माह पूर्ण कर चुके बच्चों (भव्या ढीमर, दिव्यांशी साहू, दिव्यस और ध्रुवित ढीमर) का अन्नप्राशन कराया गया।
सोमन विश्वकर्मा, मोनिका साहू, लाभचंद देवांगन और सुनीता चंद्राकर के सामुदायिक सहयोग से न्योता भोज आयोजित किया गया, जिसमें नन्हें बच्चों को खीर-पूड़ी, हलवा, फल और मिष्ठान का वितरण हुआ।
स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में धैर्य यादव और नव्या साहू की माताओं को पुरस्कृत किया गया। मेहंदी प्रतियोगिता में सोमन विश्वकर्मा (प्रथम), सुषमा (द्वितीय) व भामिनी (तृतीय) रहीं। वहीं फुगड़ी प्रतियोगिता में तृषा ने प्रथम और भूमिका ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
शिविर में हीमोग्लोबिन, शुगर व बीपी की जांच की गई तथा सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोलने हेतु स्टॉल लगाया गया। विधायक द्वारा उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की शपथ दिलाई गई।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ता (सीमु साहू, सरस्वती चंद्राकर, पुष्पा नेताम, प्रेम कुमारी पटेल, फुलेश्वरी देवांगन, माद्री ठाकुर, सरिता साहू), सहायिका (गीता पाठक, चंद्रिका देशलहरे, तुलसी, सविता गौतम, दुलेश्वरी साहू, अनीता सेन, रुक्मणी ठाकुर) और मितानिन दीदियों (मधु वैष्णव, हेमलता भारती, उषा भारती, लक्ष्मी बमभोले) को सम्मानित किया गया।