दुर्ग

घेराबंदी कर वाहन से बैल सुरक्षित बरामद, एक बंदी, एक फरार
23-Sep-2026 3:59 PM
घेराबंदी कर वाहन से बैल सुरक्षित बरामद, एक बंदी, एक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 23 सितंबर। सुपेला पुलिस ने नेहरू नगर के पास घेराबंदी कर एक वाहन से लाल रंग के बैल को सुरक्षित बरामद किया है। मौके से वाहन का चालक फरार होने में सफल रहा, जबकि परिचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

सुपेला थाना प्रभारी एस एन सिंह ने बताया कि प्रिंस कसेर निवासी रामनगर, दुर्ग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि महिन्द्रा जीतो प्लस वाहन क्रमांक सीजी 06 जीजेड 4506 में एक बैल को क्रूरतापूर्वक लादकर छावनी से सुपेला होते हुए नागपुर कत्लखाने ले जाने की तैयारी है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने नेहरू नगर के पास संदिग्ध वाहन को रोका।

तलाशी लेने पर वाहन के भीतर एक लाल रंग का बैल मिला, जिसका मुंह रस्सियों से बंधा हुआ था। पुलिस को देखते ही वाहन चालक शरद यादव मौके से भाग निकला, जबकि वाहन में बैठे परिचालक त्रिलोक पटेल  राजनांदगांव को हिरासत में ले लिया गया। परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई कागजात पेश नहीं कर सका।

पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए आरोपी त्रिलोक पटेल के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पशु चिकित्सक की अनुपस्थिति के चलते बैल को प्राथमिक सुरक्षा के तौर पर ग्राम मोहलई स्थित श्री कृष्णा गौशाला भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट