दुर्ग

बंटी-बबली गैंग का खुलासा, सीसीटीवी फुटेज से पकड़ में आए चेन लूटेरे
22-Sep-2026 3:56 PM
बंटी-बबली गैंग का खुलासा, सीसीटीवी फुटेज से पकड़ में आए चेन लूटेरे

दोनों आरोपी इंजीनियरिंग छात्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 22 सितंबर। दुर्ग जिले में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने आए  दूसरे जिले के दो छात्र पैसों की कमी से जूझ रहे दोनों दोस्तों मे अपने शौक पूरे करने और पढ़ाई के खर्चे उठाने के लिए चेन लूटेरे बन गए। सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर झपटमारी की घटना से संबंधित सोने की चेन के हिस्से तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई।

सेक्टर-6 स्थित पुलिस कंट्रोल रुम में शहर एएसपी शोभराज अग्रवाल ने पत्रवार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि 31 जुलाई को प्रार्थी सरोज कुमार राय द्वारा थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी माता गीता देवी (62 वर्ष) प्रात: लगभग 06.32 बजे घर के सामने पैदल टहल रही थी। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति स्कूटी से पहुंचे। स्कूटी में पीछे बैठे व्यक्ति द्वारा गीता देवी के गले में पहनी सोने की चैन झपटकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य माध्यमों से आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। इसी तरह से 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट विद्या विहार कॉलोनी, सुपेला क्षेत्र में पुन: गीता देवी के साथ चैन झपटमारी की घटना हुई। इस संबंध में थाना सुपेला में धारा 304 बीएमएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।  विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विक्की नायक की पहचान की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने साथी तरूणा सिन्हा के साथ वारदात को अंजाम देना बताया।  पुलिस ने दोनों आरोपियों विक्की नायक (23 वर्ष) निवासी ग्राम बारसिवनी जिला बालाघाट (मध्यप्रदेश) वर्तमान पता तितुरडीह, मुकुट नगर थाना मोहन नगर व तरूणा सिन्हा (20 वर्ष)  निवासी मुदलियार कॉलोनी राजनांदगांव, वर्तमान पता तितुरडीह, मुकुट नगर को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने जिस घरों से सीसीटीवी फुटेज की मदद मिली,उन्हें पुलिस कंट्रोल रुम में सम्मानित किया।

 पत्रवार्ता में ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा,भिलाईनगर सीएसपी निशांत पाठक,सुपेला टीआई एसएन सिंह उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट