दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 सितंबर। सिम्प्लेक्स कास्टिंग लिमिटेड की डायरेक्टर संगीता केतन शाह ने जमीन सौदे से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने के बाद सोमवार को सुपेला थाने में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पुलिस ने उनकी औपचारिक गिरफ्तारी की। इसके बाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार जरूरी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें थाने से ही छोड़ दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता सुनील कुमार सोमेन के अनुसार 13 मार्च 2023 को संगीता शाह के साथ जमीन का सौदा 50 लाख रुपए में तय हुआ था। इसके लिए उन्होंने 10 लाख रुपए एडवांस दिए थे। आरोप है कि बाद में जमीन की रजिस्ट्री नहीं कराई गई। इसी जमीन पर करीब 4.50 करोड़ रुपए का लोन भी लिया गया। शिकायत के बाद कोर्ट के आदेश पर 8 मई 2026 को सुपेला थाने में संगीता केतन शाह और उनके पति केतन मूलचंद शाह के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत अपराध दर्ज किया गया था। इस मामले में दुर्ग जिला कोर्ट ने संगीता शाह और केतन शाह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद दोनों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की।
हाईकोर्ट ने मामले से जुड़े दस्तावेज और बैंक स्टेटमेंट देखे। इसमें शिकायतकर्ता के खाते में 10 लाख रुपए वापस किए जाने का रिकॉर्ड मिला। बचाव पक्ष ने कोर्ट को बताया कि यह रकम बैंक के जरिए वापस की गई थी,लेकिन शिकायत और सिविल केस में इसका जिक्र नहीं किया गया।
इन तथ्यों को देखते हुए हाईकोर्ट ने संगीता शाह और केतन शाह को अग्रिम जमानत दे दी। साथ ही, अगली सुनवाई तक मामले में आगे की आपराधिक कार्रवाई पर अंतरिम रोक लगा दी। अग्रिम जमानत मिलने के बाद 14 सितंबर को संगीता केतन शाह सुपेला थाने पहुंची और पुलिस के समक्ष अपनी फॉर्मल गिरफ्तारी दी।
इसके बाद पुलिस ने मामले में उनकी औपचारिक गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी की। अग्रिम जमानत के तहत जरूरी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें थाने से रिहा कर दिया गया।