दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 26 अगस्त। स्वामी आत्मानंद शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेलूद में शौचालय और बाउंड्रीवाल की मांग को लेकर मंगलवार सुबह सैकड़ों छात्र-छात्राओं का गुस्सा सडक़ पर फूट पड़ा। सुबह करीब 9 बजे विद्यार्थियों ने दुर्ग-पाटन मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक मार्ग बाधित रहा, जिससे सडक़ के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
चक्काजाम की जानकारी मिलने के करीब एक घंटे बाद नायब तहसीलदार मनोज रस्तोगी मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और मांगों के निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सडक़ खाली कर दी और स्कूल लौट गए।
एबीईओ ने किया स्कूल का निरीक्षण, इस्टीमेट बनाने के निर्देश......
शिक्षा विभाग की ओर से एबीईओ प्रदीप महिलांगे भी स्कूल पहुंचे। उन्होंने बच्चों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और स्कूल परिसर का निरीक्षण किया। श्री महिलांगे ने विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बच्चों से सडक़ पर आंदोलन करने के बजाय अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील भी की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल के जर्जर शौचालय और क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल की स्थिति देखी। स्थिति को देखते हुए उन्होंने प्राचार्य मिताली सेन को आवश्यक निर्माण कार्य का इस्टीमेट तैयार कर भेजने के निर्देश दिए, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
जर्जर शौचालय, टूटा सीसीटीवी और कमजोर बाउंड्रीवाल
प्राचार्य ने अधिकारियों को स्कूल के जर्जर हो चुके शौचालय की स्थिति दिखाई। बताया गया कि असामाजिक तत्वों द्वारा शौचालय को क्षतिग्रस्त किया गया है। स्कूल में सुरक्षा के लिए लगाया गया सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया गया है। वहीं स्कूल की बाउंड्रीवाल कई स्थानों से टूट चुकी है और पुरानी बाउंड्रीवाल काफी नीची है। इसके कारण शाम होते ही असामाजिक तत्वों के स्कूल परिसर में प्रवेश करने की शिकायत है। इससे स्कूल की संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
सांसद विजय बघेल ने भी 2 जनवरी को लिखा था पत्र
स्कूल की समस्या को लेकर यह भी सामने आया है कि सांसद विजय बघेल ने 2 जनवरी को शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर सांसद प्रतिनिधि की मांग के संदर्भ में स्कूल में आवश्यक निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत करने का आग्रह किया था। बावजूद इसके अब तक राशि स्वीकृत नहीं होने की बात कही जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब सांसद स्तर से जनवरी में ही पत्र लिखा जा चुका था, तो राशि स्वीकृति और निर्माण कार्य में अब तक देरी क्यों हुई? आखिरकार बच्चों को अपनी मूलभूत जरूरत के लिए सडक़ पर उतरकर चक्काजाम करने की नौबत क्यों आई?
सरपंच ने मांगी पुलिस गश्त
सरपंच खिलेश मार्कण्डेय ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से स्कूल में शौचालय और बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग की गई है। साथ ही स्कूल मैदान और परिसर के आसपास शाम के समय पुलिस गश्त लगाने की मांग भी की गई है, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। अब बच्चों के चक्काजाम के बाद प्रशासन हरकत में आया है। देखना होगा कि इस बार आश्वासन और इस्टीमेट की प्रक्रिया से आगे बढक़र स्कूल को वास्तव में शौचालय, मजबूत बाउंड्रीवाल और सुरक्षित परिसर कब तक मिल पाता है।