दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 जून। शासकीय आयुर्वेद औषधालय आयुषमान आरोग्य मंदिर डुन्डेरा ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व जन जागरूकता लाने ग्राम पंचायत महकाकला, राष्ट्रीय भारती विद्यालय व विभिन्न स्थानों में कॉमन योगा प्रोटोकॉल का आयोजन किया। इसमें औषधालय के योग प्रशिक्षक पिंकी साहू ने जनप्रतिनिधियों ग्रामीण मनरेगा मजदूरों को योगाभ्यास व प्राणायाम का नियमित अभ्यास कराया।
योग सत्र के दौरान ग्रीवा चालन, स्कंध संचालन, कटि चालन, ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन जैसे योगाभ्यास और कपालभाति व नाड़ी शोधन प्राणायाम सहित ध्यान कराया गया। विभिन्न योगासन व श्वाससंबंधी व्यायामों के शारीरिक, मानसिक व अध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प किया। इस अवसर पर सरपंच जितेन्द्र वर्मा, उप सरपंच पंचगण व ग्रामीणों के अलावा औषधालय के चिकित्सा प्रभारी डॉ. विजेयता प्रभा वर्मा भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ. वर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन व सकारात्मक जीवनशैली में महती भूमिका निभाता है।
नियमित योग व प्राणायाम के अभ्यास से कई जीवनशैली संबंधी रोगों की रोकथाम संभव है व व्यक्ति स्वस्थ, सक्रिय और तनावमुक्त जीवन व्यतीत कर सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आगामी 21 जून को होने वाले योग दिवस में शामिल होने अपील की। अंत में, प्रतिदिन योग करने व अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन में सहभागी बनने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने औषधालय के इस स्वास्थ्यवर्धक पहल की सराहना की।