दुर्ग

सहकारी समितियों का दौरा करेंगे ताम्रध्वज
03-Jun-2026 6:35 PM
सहकारी समितियों का दौरा करेंगे ताम्रध्वज

खाद किल्लत पर किसानों से करेंगे संवाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 3 जून।
प्रदेश में खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले खाद (यूरिया, डी.ए.पी.) की उपलब्धता और टोकन व्यवस्था में आ रही दिक्कतों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी है। इसी सिलसिले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू 4 जून को दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न सेवा सहकारी समितियों का दौरा करेंगे। वे खाद वितरण केंद्रों पर पहुंचकर सीधे किसानों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे। पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू क्षेत्र के सभी प्रमुख पदाधिकारियों के साथ  4 जून को दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के नगपुरा सुबह 11 बजे, थनौद 12 बजे, निकुम 12.30 बजे ग्राम अंडा दोपहर 1 बजे, कुथरेल 2.30 बजे, बोरीगारका 3 बजे, मंचादुर शाम 4 बजे एवं नगर पंचायत उतई शाम 4.30 बजे  सेवा सहकारी समितियों का दौरा करेंगे। श्री साहू सहकारी समितिओं और खाद वितरण केंद्रों पर पहुंचकर किसानों से सीधा चर्चा करेंगे।  पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू ने इस दौरा कार्यक्रम को लेकर जिला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस सहित मंडल, सेक्टर, पंचायत, वार्ड तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और स्थानीय किसानों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि किसान अपनी व्यावहारिक समस्याओं को लेकर एकजुट होकर सामने आएं, ताकि वर्तमान व्यवस्था पर सकारात्मक दबाव बनाया जा सके और कृषि कार्य प्रभावित हुए बिना किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।


अन्य पोस्ट