दुर्ग

आईपीएल ऑनलाइन सट्टा, 2 बंदी
01-Jun-2026 9:09 PM
आईपीएल ऑनलाइन सट्टा, 2 बंदी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 1 जून।
दुर्ग जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत छावनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी आईपीएल फाइनल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से सट्टेबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे चार मोबाइल जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार 31 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैम्प-2 स्थित कसाई मोहल्ला क्षेत्र में कुछ युवक मोबाइल फोन के माध्यम से आरसीबी और गुजरात टाइटंस के बीच खेले जा रहे आईपीएल फाइनल मुकाबले पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर छावनी पुलिस ने नहर किनारे कुएं के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।

फेयर प्ले आईडी से चल रहा था ऑनलाइन सट्टा
पूछताछ में आरोपियों की पहचान आतीश गौर और नियाज अहमद  के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से चार मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी कुल कीमत करीब 32 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फेयर प्ले नामक आईडी और ऑनलाइन लिंक के जरिए क्रिकेट मैचों पर सट्टा खेलते और खिलाते थे। सट्टे का पूरा हिसाब-किताब व्हाट्सएप के माध्यम से रखा जाता था। लाभ में मिलने वाली राशि को दोनों आपस में बांट लेते थे और लेन-देन के रिकॉर्ड समय-समय पर मोबाइल से डिलीट कर देते थे।

चार मोबाइल फोन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नथिंग कंपनी का स्मार्टफोन, वीवो कंपनी का स्मार्टफोन, मोटोरोला कंपनी का स्मार्टफोन, लावा कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत 32 हजार रुपये है।

छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
छावनी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 12 तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट