दुर्ग
24 फीसदी पीएफ कटौती, ओवरटाइम और वेतन कटौती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 मई। रसमड़ा स्थित टॉपवर्थ कंपनी में कार्यरत लगभग 250-300 श्रमिक परिवार इन दिनों गंभीर आर्थिक और मानसिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उनके वेतन से 24 फीसदी पीएफ कटौती की जा रही है, लगातार अत्यधिक ओवरटाइम कराया जा रहा है तथा भुगतान में भी कटौती की जा रही है। अपनी इन्हीं मांगों और समस्याओं को लेकर श्रमिक पिछले 11 दिनों से आंदोलनरत हैं। श्रमिकों के समर्थन में दुर्ग शहर से वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा रैली में शामिल हुए और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। बड़ी संख्या में मौजूद श्रमिकों ने उन्हें अपनी पीड़ा और परिवारों पर पड़ रहे आर्थिक संकट से अवगत कराया।
इस दौरान अरुण वोरा ने कहा कि कर्मचारियों की आंखों में अपने परिवार और रोजगार को लेकर चिंता साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जो श्रमिक दिन-रात मेहनत कर उद्योग को आगे बढ़ाते हैं, यदि वही अपने अधिकारों और वेतन के लिए सडक़ों पर उतरने को मजबूर हों, तो यह बेहद गंभीर विषय है। प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि कर्मचारियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष जांच कर तत्काल समाधान निकाला जाए। अरुण वोरा ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर जिला कलेक्टर से भी चर्चा की है और श्रमिकों को जल्द से जल्द राहत प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मजदूरों के इस संघर्ष में वे सदैव श्रमिक भाइयों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।


