दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 मई। प्रदेश के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग और विधि विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव एवं सांसद विजय बघेल ने जिले के लिए अत्याधुनिक मोबाइल फोरेंसिक वैन को विधिवत हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर, खादी ग्राम उद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक विजय अग्रवाल, अपर सत्र न्यायाधीश दीपक खोसले, संयुक्त संचालक अभियोजन बी.एस. राजपूत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, सी.जी.एम. नगर प्रशासन (बी.एस.पी.) श्रीनिवास राव, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।
श्री यादव ने कहा कि मोबाइल फोरेंसिक वैन के माध्यम से घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन एवं प्रारंभिक परीक्षण शीघ्रता से किया जा सकेगा जिससे अपराधों की विवेचना अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनेगी। उन्होंने इसे आधुनिक अपराध अनुसंधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया तथा विश्वास व्यक्त किया कि इससे जिले में कानून व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को और अधिक मजबूती मिलेगी।
सांसद विजय बघेल ने कहा कि यह पहल पुलिस विभाग एवं फोरेंसिक विज्ञान के समन्वय को मजबूत करेगी तथा न्यायिक प्रक्रिया में वैज्ञानिक साक्ष्यों की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य ने कहा कि मोबाइल फोरेंसिक वैन अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों से सुसज्जित है, जिसके माध्यम से घटनास्थल पर ही प्रारंभिक वैज्ञानिक परीक्षण, साक्ष्यों का सुरक्षित संकलन एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे अपराध अनुसंधान की प्रक्रिया अधिक त्वरित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक बनेगी।
क्षेत्रीय न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला कार्यालय के प्रमुख डॉ. पंकज ताम्रकार ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधों की प्रकृति लगातार जटिल होती जा रही है। ऐसे में वैज्ञानिक साक्ष्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। मोबाइल फोरेंसिक वैन के माध्यम से घटनास्थल पर तत्काल पहुंचकर वैज्ञानिक जांच को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. प्रज्ञा गजेन्द्र तथा वैज्ञानिक अधिकारी शत्रुहन सिंह श्याम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विभाग के राजपत्रित अधिकारी, शासकीय अधिवक्ता तथा समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।


