दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 24 मई। छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के निर्देशन में जिला शतरंज संघ दुर्ग द्वारा रायसोनी स्पोर्ट्स एवं कल्चर फाउंडेशन तथा कल्पना प्रकाश वेलफेयर फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित एक दिवसीय जी.एच. रायसोनी स्मृति दुर्ग संभाग रैपिड शतरंज स्पर्धा का शनिवार को श्री जलाराम सांस्कृतिक भवन, सिविल लाइन दुर्ग में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों से आए 168 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
जिला शतरंज संघ दुर्ग के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत सचिव तुलसी सोनी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ लोहाणा महाजन समाज के अध्यक्ष राजेश राजा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। समारोह की अध्यक्षता समाजसेवी कैलाश जैन ‘बरमेचा’ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के कुलसचिव भूपेन्द्र कुलदीप, इंटरनेशनल आर्बिटर रॉकी देवांगन उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। खिलाडिय़ों को खेल भावना, अनुशासन और रणनीतिक सोच के साथ प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि राजेश राजा ने अपने संबोधन में कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि धैर्य, निर्णय क्षमता और बुद्धिमत्ता का अद्भुत संगम है। यह खेल युवाओं में एकाग्रता एवं सकारात्मक सोच विकसित करता है। अध्यक्षता कर रहे कैलाश जैन ने कहा कि दुर्ग जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और ऐसे आयोजन खिलाडिय़ों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मंच प्रदान करते हैं। विशिष्ट अतिथि भूपेन्द्र कुलदीप ने भी खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके अलावा खिलाडिय़ों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसके पहले स्वागत भाषण अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत ने दिया। कार्यक्रम का संचालन सचिव तुलसी सोनी ने किया। इस अवसर पर दिनेश जैन, अनिल शर्मा, गुलाब चौहान, दिव्यांशु उपाध्याय, मुदिता पांडे, अजय साहू, अंजली टोप्पो, छाया नोर्गे, जयंता दास, विक्रम सिंह, चंदन विश्वकर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


