दुर्ग

अवैध खनिज उत्खनन व परिवहन
19-May-2026 5:14 PM
अवैध खनिज उत्खनन व परिवहन

 अलग-अलग जगह से 19 वाहन पकड़ाए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 मई।
अवैध खनिज उत्खनन व परिवहन के मामले में खनिज विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने अलग अलग जगह दबिश देकर की गई कार्रवाई के दौरान इसमें संलग्न कुल 19 वाहन पकड़े गए हैं। पकड़े गए वाहनों पर लगभग 7 लाख रुपए का जुर्माना प्रस्तावित किया गया है।

अवैध खनिज उत्खनन व परिवहन की मिल रही शिकायतों पर कलेक्टर ने इस पर नियंत्रण के लिए मामले में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उनके निर्देशानुसार विभाग की टीम ने जिला खनिज अधिकारी के मार्गदर्शन में जिले के नंदिनी, अहिवारा, उतई, पुलगांव, मचांदूर, अमलेश्वर थाना क्षेत्रों में अलग अलग जगह दबिश देकर जांच की। जांच के दौरान अवैध खनिज उत्खनन कार्य में लगे 4 चैन माउंटेन मशीन जब्त किए गए। इनमें अमलेश्वर थाना अंतर्गत मुरूम मिट्टी का अवैध खनन कर रहे 1 चैन माउंटेन मशीन एवं 2 हाईवा तथा नंदिनी, धमधा व अमलेश्वर क्षेत्र के गांव से 3 चैन माउंटेन मशीन जब्त किया गया।
इसी प्रकार खनिज परिवहन कर रहे वाहनों की अलग अलग जगह की गई जांच के दौरान कुल 15 वाहनों में बिना रायल्टी पर्ची अवैध खनिज परिवहन करना पाया गया, इनमें 5 रेत, 4 चूना पत्थर एवं 3-3 वाहनों में मुरूम व ईंट परिवहन किया जा रहा था। इन सभी वाहनों को खनिज सहित जब्त कर संबंधित थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में खड़े किए गए हैं। खनिज विभाग की इस टीम में सहायक खनिज अधिकारी दीपक तिवारी, खनिज निरीक्षक गोपाल दास टंडन, अनिल सोनी सहित अन्य लोग शामिल थे।
 


अन्य पोस्ट