दुर्ग

शहर में पानी की समस्या दूर करने लगातार प्रयास-महापौर
14-Apr-2026 4:24 PM
शहर में पानी की समस्या दूर करने लगातार प्रयास-महापौर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 अप्रैल।
नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 58 स्थित आईएचएसडीपी उरला के 80 एवं 81 नंबर ब्लॉक में लंबे समय से लो प्रेशर के कारण उत्पन्न पेयजल संकट को लेकर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। नगर निगम महापौर अल्का बाघमार के मार्गदर्शन में शहर में पानी की समस्या दूर करने लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में जल कार्य विभाग प्रभारी लीना दिनेश देवांगन ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र का निरीक्षण किया और जल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गर्मी के दिनों में बढ़ती पानी की खपत तथा सिकोला टंकी से सप्लाई लाइन की दूरी के कारण पानी का प्रेशर कम हो रहा है, जिससे घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है और रहवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जल कार्य प्रभारी ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने हैंडपंपों के जल स्तर की जांच कर बोरलाइन से पानी उपलब्ध कराने जैसी वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 58 की पार्षद रेशमा सोनकर भी उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर जल कार्य प्रभारी ने क्षेत्र की महिलाओं से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि जल संकट के स्थायी समाधान के लिए निगम प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है। इसके तहत क्षेत्र में स्थित हैंडपंपों की जांच कर उनमें मोटर पंप लगाने तथा प्रत्येक क्वार्टर में सार्वजनिक नल के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की योजना पर भी विचार किया गया। आने वाले समय में इन उपायों को लागू कर क्षेत्रवासियों को नियमित जल आपूर्ति उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। जल कार्य विभाग प्रभारी लीना दिनेश देवांगन ने आश्वस्त किया कि समस्या के स्थायी निराकरण के लिए आवश्यक तकनीकी उपाय शीघ्र किए जाएंगे, जिससे भविष्य में इस प्रकार की परेशानी से नागरिकों को राहत मिल सके और जल आपूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।


अन्य पोस्ट