दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 फरवरी। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर बोलबम सेवा एवं कल्याण समिति द्वारा हर साल की तरह इस वर्ष भी बाबा की बारात निकाली जा रही है।
17 साल से लगातार हो रहे इस भव्य बम सेवा एवं कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष दया सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि इस बार बारात एशिया बुक ऑफ रिकार्ड्स और इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज होगी। इस बार छग के 151 सहित अन्य 7 प्रदेशों की 15 से 30 फुट की झांकियां जिसमें राम, रावण विभिषण भूत, पिशाच, भगवान शिव आंनद मुद्रा में नंदी पर बैठकर भ्रमण करते हुये झांकियां मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेंगी। आयोजन से पहले 12 फरवरी को दुर्गा मंच खुर्सीपार में संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जस गीत गायक दुकालू यादव भजनों की प्रस्तुति देंगे।
उन्होंने बताया कि बारात की भव्यता इतनी होती है कि इसे देखने के लिए देश प्रदेश भर से लोग आते हैं। जिसके लिए आयोजक बोलबम सेवा कल्याण समिति के पदाधिकारी युवा विंग, महिला विंग एवं सदस्य पिछले दो माह से जुटे हुए है। आयोजन में केन्द्रीय मंत्री और पूर्व केबिनेट मंत्री छग समेत गणमान्य नागरिक और राजनेताओं और साधुसंतों को आमंत्रित किया गया है
दया ने बताया कि विभिन्न प्रदेशों से आने बाली मनमोहक झाकियां रहेंगी भक्तों की आकर्षण का केन्द्र। जिसमें केरल के 40 सदस्यों की 7 झांकियां, आंध्रप्रदेश, हैदराबाद, विजय बाड़ा, राजमंडरी, विशाखापट्टनम से महाकाली झांकी रहेगी। इस बार मां दुर्गा के नौ रूप और पन्द्रह फुट की झांकिया भी देखने को मिलेगी। हरियाणा से पगला बाबा राम्आर्ट ग्रुप द्वारा भव्य झांकी, शिवलिंग दर्शन, भोलेनाथ की भस्म आरती, राधाकृष्ण संग ब्रज होली, महाकाली ताण्डव नृत्य की विशाल झांकी रहेगी। नई दिल्ली व हरियाणा की विशाल काली ग्रुप की 15 फुट की कंकाल खोपड़ी के भीतर से निकलकर शिव एवं पार्वती एक दूसरे को वर माला पहनाते हुए मनमोहक झांकी के साथ शिव तांडव करते हुए रहेगी।
उत्तर प्रदेश अयोध्या के तर्ज पर रामदरबार, लक्ष्मण जी के मूर्छित होने और चारों तरफ मचा हाहाकार प्रस्तुत करते हुए झांकियां रहेगा। ओडिशा के सम्बलपुर का धमाल प्रमुख और पारंपरिक वाद्ययंत्र, भगवान शिव की विशाल नंदी में बैठे हुए आकर्षक झांकी, छत्तीसगढ़ की भारतीय जवानों द्वारा दुश्मनों से लड़ते हुए भव्य झांकी जो कि विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेगी। 30 फीट के उड़ते हुए हनुमान जी संजीवनी बुटी लेने जाते हुए आकर्षक झांकी। शिव परिवार, महाश्मशान अघोरा बारात अद्भुत और विचित्र प्रस्तुति लोगो को लुभाएंगी।
इन रूट्स से होकर गुजरेगी बाबा की बारात
प्रेस कान्फ्रेस में आध्यक्ष दया सिंह ने बताया कि भोले बाबा की बारात दोपहर 2 बजे से निकलेगी। बरात दोपहर 2 बजे इंदिरा नगर हथबोज वार्ड नं.1 से प्रस्थान कर राम जानकी मंदिर में पूजा अर्चना होगी। ट्रांसपोर्ट नगर होते हुए केनाल रोड कार्तिकिय चौक , बोलबम चौक, नंदी तिराहा, जोन-1 शिव मंदिर होते हुए श्रीराम चौक होते हुए दुर्गा मैदान खुर्सीपार में विवाह स्थल पर समापन होगा बारात के लिए सैकड़ों की संख्या में वालंटियर्स नियुक्ति किए गए है।
दया सिंह ने बताया कि छ.ग. प्रदेश की विभिन्न जिला रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर, बस्तर कांकेर, राजनांदगांव, खैरागड, मंडई, बेमेतरा, बालोद, पाटन, उतई, नेवई, पधरी, जरवाय, उमदा से 151 झांकियां जिसमें राम, रावण विभिषण भूत, पिचाच, राक्षस हजारों की संख्या में आपको भोले बाबा की बारात में देखने को मिलेगी। भोले बाबा की बारात में हजारों की संख्या में कलाकार उपस्थित रहेंगे। जो देवी-देवताओं के साथ-साथ भूत-पिशाच का वेप धारण कर भ्रमण करेंगे। पत्रकार वार्ता में संतोष राय, निर्मल सिंह, ओ.पी. सिंह, प्रदीप सोनी एवं बोल बम सेवा कल्याण समिति के सदस्य उपस्थित थे।


