दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 फरवरी। पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग की सलाहकार समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक विभाग की प्रभारी सदस्य नेहा साहू एवं सचिव तिलेश्वर साहू की उपस्थिति में संपन्न हुई।
बैठक का मुख्य एजेंडा वार्ड क्रं. 04, नेहरू नगर जी. ई. रोड स्थित उद्यानों सहित अन्य उद्यानों का बेहतर संचालन एवं सुव्यवस्थित रखरखाव रहा। समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि निगम क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य उद्यानों के संचालन एवं रखरखाव हेतु रुचि की अभिव्यक्ति के तहत दिए जाने हेतु आगामी कार्यवाही की जाए।
सभी सदस्यों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। प्रभारी सदस्य नेहा साहू ने चर्चा के दौरान कहा कि उद्यान शहर की फेफड़े होते हैं। हमारा लक्ष्य वरिष्ठ नागरिकों के टहलने के लिए सुरक्षित पथ और बच्चों के मनोरंजन के लिए बेहतर खेलकूद के संसाधन उपलब्ध कराना है। बैठक में इस बात पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया कि उद्यानों को किस प्रकार अधिक व्यवस्थित और सुंदर बनाया जा सकता है। उद्यानों में बैठने के लिए बेंच, लाइट व्यवस्था और नए पौधों का रोपण, नियमित सफाई और पौधों की छंटाई के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए।
बैठक के अंत में सचिव तिलेश्वर साहू ने चर्चा में आए विषयों पर तत्काल प्रभाव से कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन हेतु आश्वस्त किए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें। बैठक में मुख्य रूप से सलाहकार समिति के सदस्य पार्षद उषा शर्मा, सरिता देवी, गिरजा बंछोर, रवि शंकर कुर्रे, उमेश साहू सहित उद्यान विभाग के कर्मचारी त्रिवेणी देशपांडे, गोपाल यादव एवं अन्य उपस्थित रहे।


