दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 नवंबर। समर्थन मूल्य पर धान बेचने टोकन के लिए किसानों को भटकना पड़ रहा है। जिला पंचायत दुर्ग की आयोजित सामान्य सभा में धान खरीदी में अव्यवस्था का मुद्दा छाया रहा बैठक के दौरान धान खरीदी अव्यवस्था को लेकर सदस्य जमकर बिफरे।
पाटन विधायक प्रतिनिधि अशोक साहू, जिला पंचायत सदस्य दानेश्वर साहू ने कहा कि ऑनलाइन टोकन के लिए पोर्टल मात्र 5-10 मिनट खुलता है। सोसायटी में किसान टोकन के लिए चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने बैठक में डीएमओ, खाद्य नियंत्रक व जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक सीईओ की अनुपस्थिति पर रोष जताया। अशोक ने कहा कि 2 एकड़ तक किसानों को एक टोकन दिया जा रहा है मगर समितियों में एक टोकन देने संबंधी कोई सूचना चस्पा नहीं होने से किसान आवश्यक परेशान हो रहे हैं। उन्होंने टोकन लेने गए असोगा निवासी एक किसान की डिड़ाभाठ सहकारी समिति में मृत्यु हो जाने का मुद्दा उठाया। वहीं संबंधित विभागीय अधिकारी ने इसे लेकर जानकारी नहीं होने की बात कर रहे थे, जिसे लेकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने बरदाने की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया। बैठक में प्रति बारदाना की वजन 560 ग्राम से अधिक धान लेने का मुद्दा भी सदस्य ने उठाया। जिला पंचायत सदस्य जितेन्द्र यादव एवं श्री साहू ने कहा कि जिला एवं जनपद पंचायत सहित ग्राम पंचायतों अब तक पंद्रहवें वित्त की राशि नहीं पहुंची है।
उन्होंने कहा कि पूर्व के वर्षों यह राशि अगस्त के महीने में पहुंच जाती थी मगर इस बार नवम्बर का माह गुजरने को है और अब तक राशि नहीं आयी है। जितेन्द्र ने समोदा नाला का गंदा पानी जो नदी में जाता है इसे करंजा भिलाई, ढौर एवं आसपास ग्रामों के किसानों को सिंचाई के लिए दी जाए। बैठक में अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, जिला पंचायत सीईओ, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सदस्य गण मौजूद थे।


