दुर्ग

एसआईआर : आधार-फोटो को लेकर दुविधा की स्थिति, जमा करने कुछ दिन शेष
28-Nov-2025 10:56 PM
एसआईआर : आधार-फोटो को लेकर दुविधा की स्थिति, जमा करने कुछ दिन शेष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 नवंबर।
एसआईआर के जमा लिए जा रहे इन्यूमरेशन फार्म में आधार नंबर देना ही वैकल्पिक है, मगर इसके बावजूद अधिकांश जगहों पर बीएलओ द्वारा अनिवार्य रूप से आधार कार्ड की फोटो कापी मांगी जा रही है। वहीं इसके साथ लिए जा रहे फोटो को लेकर भी दुविधा की स्थिति है। कई बीएलओ मतदाता से व्हाइट बैक ग्राउंड वाले फोटो मांग रहे हैं जबकि इसे लेकर भी शासन-प्रशासन द्वारा ऐसा कोई स्पष्ट निर्देश जारी नहीं हुआ हैं। इससे जिले में एसआईआर की तैयारी पर भी सवाल खड़े हो रहे है, जबकि फार्म जमा करने के लिए कुछ ही दिनों का समय शेष है।
जानकारी के अनुसार इन्यूमरेशन फार्म में स्पष्ट रूप से आधार संख्या वाले कालम में वैकल्पिक लिखा गया है, लेकिन बीएलओ की माने तो उन्हें ट्रेनिंग के दौरान आधार नंबर का उल्लेख अनिवार्य रूप से करने के साथ ही मतदाता से इन्यूमरेशन फार्म के साथ आधार कार्ड की फोटो कापी लेने निर्देश दिए गए है। अर्थात जिम्मेदार अधिकारियों ने मौखिक तौर पर बीएलओ पर आधार कार्ड की फोटो कापी लेने निर्देश दिए है, जबकि आधार कार्ड अनिवार्य रूप से लेने कोई निर्देश नहीं है।
इस बात को लेकर कई जगरूक मतदाता स्पष्ट रूप से आधार देने इंकार कर रहे हैं।  ऐसे में बीएलओ भी दुविधा में क्योंकि उनके पास इस संबंध में लिखित निर्देश नहीं है। वहीं मतदाता द्वारा फोटो दिए जाने पर व्हाइट बैक ग्राउण्ड वाला फोटो लाने कहकर कई जगहों पर बीएलओ मतदाता को लौटा रहे हैं। इसे लेकर भी गरीब वर्ग के मतदाताओं में रोष है उनका कहना है ऐसा है तो पहले से इस संबंध में कोई स्पष्ट निर्देश जारी क्यों नहीं किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह से इस संबंध में चर्चा करने पर उनका कहना है। आधार संख्या देना अनिवार्य नहीं वैकल्पिक है उन्हें आधार संख्या देने के बाद भी बीएलओ द्वारा आधार कार्ड की फोटो कापी मांगने की जानकारी देने पर वे इस संबंध में संबंधित ईआरओ से बात करें कहकर टाल मटोल करने लगे। जानकारी के अनुसार 31 अक्टूबर की स्थिति में जिले में 717777 पुरुष एवं 733677 महिला मतदाता को मिलाकर कुल 14 लाख 52 हजार 509 मतदाता है। इनमें से अब तक लगभग 68 प्रतिशत मतदाताओं का इन्यूमरेशन फार्म जमा हो चुका। उप जिला निर्वाचन अधिकारी से जिले के एसआईआर की अब तक के विधानसभावार स्थिति के संबंध में पूछे जाने पर भी वे इस मामले में टाल मटोल करने लगे।


अन्य पोस्ट