दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 नवंबर। समितियों में डीएमओ द्वारा वर्तमान प्रतिदिन खरीदी की निर्धारित लिमिट से संपूर्ण धान खरीदी संभव नहीं है। इसे लेकर समितियों के प्राधिकृत अधिकारी व किसान चिंतित है वहीं डीएमओ किसानों की इस चिंता से बेखबर है।
जिले में अब तक 6 लाख 12 हजार 876 क्विंटल से अधिक धान खरीदी हो चुकी है। बोड़ेगांव निवासी कृषक रवि प्रकाश ताम्रकार का कहना है कि ननकठ्ठी सहकारी समिति में वर्तमान में प्रतिदिन 1030 क्विंटल धान खरीदी की लिमिट निर्धारित है। उक्त समिति में 70 से 72 हजार क्विंटल धान खरीदी होना है। ऐसे शेष बचे कार्य दिवस में वर्तमान निर्धारित लिमिट के अनुसार खरीदी जारी रही तो किसानों द्वारा उत्पादित आधी धान की ही खरीदी हो पाएगी। उन्होंने कहा कि डीएमओ प्रतिदिन धान खरीदी की निर्धारित लिमिट में जल्द वृद्धि करें।
श्री ताम्रकार ने यह भी कहा कि किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदे गए धान के भुगतान में भी विलंब हो रही है। इसी प्रकार उतई सहकारी समिति प्राधिकृत अधिकारी फत्ते वर्मा का कहना कि उतई सहकारी समिति अंतर्गत वर्तमान में उतई उपार्जन केन्द्र में प्रतिदिन 600 एवं खोपली में 400 क्विंटल धान खरीदी की लिमिट निर्धारित जिसके अनुसार संपूर्ण धान खरीदी संभव नहीं है इसलिए खोपली में प्रतिदिन 900 एवं उतई में 1300 क्विंटल धान खरीदी की लिमिट करने मांग की है। वहीं डीएमओ से इस संबंध में जानकारी के लिए फोन करने पर उन्होंने फोन रिसिव नहीं किया। जानकारी के अनुसार जिले के 102 उपार्जन केन्द्र में 112516 किसानों से 6164350 क्विंटल धान खरीदी का अनुमान है। इसके विरुद्ध अब तक 11621 किसानों से 612876 क्विंटल धान खरीदी हुई है। उक्त उपार्जित धान की कुल कीमत 14542.37 लाख रुपए है।


