दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 नवंबर। संविधान दिवस के अवसर पर सेठ रतनचंद सुराना लॉ कॉलेज में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला न्यायालय के प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश ने छात्र-छात्राओं एवं संकाय सदस्यों को संविधान की महत्ता और उसके मूल उद्देश्यों से अवगत कराते हुए प्रेरक उद्बोधन दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने संविधान के इतिहास, महत्व तथा नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों से संबंधित विचारों को गंभीरता से सुना। सेठ रतनचंद सुराना लॉ कॉलेज के प्राचार्य एवं संकाय सदस्यों द्वारा न्यायाधीश के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उक्त कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का संयुक्त रूप से वाचन भी किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दुर्ग के सचिव, सेठ रतन चंद सुराना लॉ कॉलेज के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्रगण तथा पैरालीगल वालेंटियर उपस्थित रहे।


