दुर्ग

धान खरीदी : टोकन जारी करने सीमा बढ़ाने मांग
22-Nov-2025 6:15 PM
धान खरीदी : टोकन जारी करने सीमा बढ़ाने मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 नवंबर।
दस एकड़ तक की जमीन वाले कृषकों को दो टोकन देने की सीमा को लेकर किसानों में रोष व्याप्त है। किसानों की माने तो एक ट्रेक्टर ट्राली से दो बार में दस एकड़ की पूरी उपज धान खरीदी केन्द्र तक ले जाना संभव नहीं है। किसानों ने धान विक्रय के लिए टोकन जारी करने की सीमा बढ़ाने मांग की है।

जानकारी के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान उपार्जन के संबंध में खाद्य विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि धान खरीदी के लिए सीमांत एवं लघु कृषक को अधिकतम दो टोकन एवं दीर्घ कृषकों को अधिकतम तीन टोकन प्रदाय किया जावे। इस सन्दर्भ में यह स्पष्ट किया गया है कि, भारत सरकार, कृषि मंत्रालय की परिभाषा अनुसार सीमांत कृषक वह है जिसके पास एक हेक्टेयर तक जमीन है एवं लघु कृषक वह है जिसके पास एक हेक्टेयर से दो हेक्टेयर तक जमीन है। धान खरीदी के लिए सीमांत एवं लघु कृषक (2 एकड़ से कम) को एक टोकन, सीमांत एवं लघु कृषक (2 एकड़ एवं 2 एकड़ से ज्यादा तथा 10 एकड़ तक) को दो टोकन, एवं दीर्घ कृषकों (10 एकड़ से अधिक) को अधिकतम तीन टोकन कि व्यवस्था कि गयी है।

छग प्रगतिशील किसान संगठन के महासचिव झबेन्द्र भूषण वैष्णव का कहना कि पूर्व में 5 एकड़ तक 2 टोकन जारी किया जाता था एवं 5 से 10 एकड़ पर तीन टोकन की व्यवस्था थी उनका कहना है 5 एकड़ में खरीदी के लिए निर्धारित मात्रा के अनुसार 260 कट्टा धान होता है। वहीं एक ट्रेक्टर ट्राली में अधिकतम 130 कट्टा चावल ले जाया जा सकता है। ऐसी स्थिति में 10 एकड़ तक की पूरी उपज को 2 बार में धान खरीदी केन्द्र तक ले जाना संभव नहीं है इसलिए 5 से 10 एकड़ तक पिछले वर्ष की भांति 3 टोकन की व्यवस्था बहाल की जाए। जानकारी के अनुसार जिले के 102 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से अब तक 5340 किसान धान विक्रय कर चुके हैं। जिनसे अब तक 6550.83 लाख की 275901 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है।


अन्य पोस्ट