दुर्ग
घूमने निकला था युवक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 नवंबर। डी मार्ट पोटिया दुर्ग के सामने थाना पुलगांव में अज्ञात वाहन चालक ने अपनी चपेट में ले लिया उसकी टक्कर से युवक की घटना में मौत हो गई। पुलिस के अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।
पुलगांव थाना प्रभारी अमित अंदानी ने बताया कि घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल गया है परंतु रात की घटना होने के कारण कैमरे में स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है। अज्ञात वाहन चालक की तलाश में टीम लगी हुई है।
पुलिस ने बताया कि मृतक देवेश अग्रवाल (30 वर्ष) पिता शिव अग्रवाल निवासी राजीव नगर झंडा चौक दुर्ग का रहने वाला था। 13 नवंबर की रात 8 करीब परिजनों को घूम कर आने की बात कह कर अपने दुपहिया वाहन से निकला था। पोटिया चौक से पुलगांव चौक के डी-मार्ट के पास अज्ञात वाहन उसे कुचलकर फरार हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
जानकारी के मुताबिक देवेश की शादी दो साल पहले हुई थी और उनकी 11 महीने की एक बेटी है। रात 10 बजे जब परिजनों ने उसे फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ मिला था। फोन नहीं लगने पर परिजन चिंतित हो गए और देवेश को ढूंढने के लिए घर के आसपास और परिचितों से पूछताछ शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
पुलगांव पुलिस ने परिवार वालों को बताया कि देवेश को एक गंभीर दुर्घटना में घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया है। परिजन तत्काल अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें देवेश की मौत की पुष्टि की। हादसे में देवेश का सिर बुरी तरह कुचल गया था, जिससे चेहरे से पहचान करना मुश्किल हो रहा था। उनकी पहचान हाथ पर लिखे नाम से की गई।
घटना रात 11 बजे के आसपास की है। देवेश का दोपहिया वाहन डी मार्ट के पास खड़ा हुआ दिखा। देवेश का शव उसके दुपहिया वाहन से कुछ दूरी पर था। उसे किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कुचल दिया था। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनके हाथ-पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे और सिर में भी गंभीर चोटें आई थी।


