दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 नवंबर। कोतवाली थाना अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के नल घर में गुरुवार की सुबह उस समय हडक़ंप मच गया जब कर्मचारियों ने पानी की टंकी (सम्पवेल) के अंदर एक अज्ञात पुरुष का तैरता हुआ शव देखा गया। सूचना मिलते ही नगर निगम प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेजा गया है। अज्ञात पुरुष का शव दो-तीन दिन पुराना लग रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शव पानी में फूल जाने के कारण उसकी अब तक शिनाख्ती नहीं हो पाई है। नगर निगम के जलघर में मिले मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच है। शव पूरी तरह से सड़ी-गली अवस्था में मिला है, जिसके कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
पंप अटेंडेंट व प्रत्यक्षदर्शी दिनेश यादव ने बताया कि वह सुबह 7 बजे 11 एमएलडी फिल्टर प्लांट से चार वार्डो में पानी सप्लाई करने पहुंचे। उसके बाद सुबह 10.10 बजे ओवरफ्लो की स्थिति जांचने पंप हाउस गए। ओवरफ्लो न हो करके मोटर चालू करने पहुंचे तो उन्हें संपवेल में तकिया तैरने जैसा दिखा। फिर संपवेल में पानी का लेवल चेक करने समीप जाकर देखा तो उन्हें डेड बॉडी का एहसास हुआ। तत्काल जल निरीक्षक को इसकी सूचना दी गई। जलगृह विभाग के लैब केमिस्ट कामदेव चन्द्राकर व संदीप सिंह ठाकुर को गिरीश दीवान कार्यपालन अभियंता नगर निगम दुर्ग ने 11 एमएलडी फिल्टर प्लांट से सप्लाई का परीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराने पत्र भेजा है। पत्र में उल्लेख है कि जलगृह विभाग 11 एमएलडी फिल्टर प्लांट से सप्लाई के बाद विभिन्न स्थानों से लिए गए सेम्पल 9 से 13 नवम्बर तक का परीक्षण रिपोर्ट अद्योहस्ताक्षकर्ता को तत्काल उपलब्ध कराए। नगर निगम दुर्ग के कार्यपालन अभियंता गिरीश दीवान ने मामले में जिन कर्मचारियों को कारण बताओं नोटिस जारी किया है। उनमें पुनीत साहू,सालिक निषाद,गणपत साहू,दिनेश यादव,कालसिंह साहू,राकेश यादव,चोवाराम साहू,अक्तुराम साहू,तामेश्वर निषाद,राजू ढीमर व होगनदास शामिल है। इन्हें पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर जवाब प्रस्तुत करने कहा है।
अन्यथा कार्य के प्रति लापरवाही मानते हुए अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। जिसके लिए वे स्वयं जिम्मेद्वार होगे। सीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ मौके का मुआयना किया है। शव जल घर की मशीन के पास फंसा हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों और मृतक की पहचान को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच को दिशा दी जा रही है।
मृतक ने आत्महत्या की है या उसकी हत्या हुई है इसको भी ध्यान में रखकर पुलिस जांच कर रही है। नगर निगम दुर्ग के नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले का कहना है कि संपवेल में पुरुष का तैरता हुआ जो शव मिला है। वह निगम प्रशासन की घोर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन लोगों को दूषित पानी पिला दिया। संजय कोहले ने कहा कि नल घर में सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। इस वजह से इस तरह की घटना हुई है।
महापौर-आयुक्त ने लिया जायजा
11 एमएलडी फिल्टर प्लांट में अज्ञात व्यक्ति के शव मिलने की जानकारी मिलने पर महापौर अल्का बाघमार ने निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल जल विभाग प्रभारी लीना दिनेश देवांगन व अधिकारियों के साथ जल विभाग कार्यालय के पीछे स्थित जलशोधन प्लांट का सूक्ष्मता से निरीक्षण कर इस प्लांट से जुड़े सप्लाई क्षेत्र में पानी शुद्ध करने के बाद लाईन खोलने सुरक्षा के उपाय करने आवश्यक दिशा निर्देश दिए।


