दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 7 नवंबर । सहकारी समिति कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहा। हड़ताली सहकारी समिति कर्मचारियों के समर्थन में कांग्रेस व किसान नेता भी आगे आ गए है। इन हड़ताली सहकारी समिति कर्मचारियों के मानस भवन के पास धरना स्थल पर दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर एवं छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन संयोजक राजकुमार गुप्त व किसान नेता रवि प्रकाश ताम्रकार ने उनकी मांगों को जायज बताया।
राकेश ठाकुर ने कहा हमारे कांग्रेस शासन काल सहकारी समितियों को सूखत देने की मांग आई तो तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्ष 2022 में समितियों को सूखत से हुई क्षति से राहत देने ढाई सौ करोड़ रुपए आवंटित की थी। पिछले दो साल में कई जिलो सहकारी समितियों का बारिश के पहले धान उठाव नहीं होने से सूखत के रूप में भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके बावजूद समितियों को भाजपा सरकार सूखत से राहत नहीं दे पा रही है और कर्मचारियों को आंदोलन के लिए मजबूर कर रही है।
राजकुमार गुप्ता ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में जानबूझ कर धान खरीदी में देरी की जा रही है इधर मौसम की मार झेल रहे किसान परेशान हो रहे है। उन्होंने कहा कि सहकारी समितियों कर्मचारियों को प्रबंधकीय के स्थान पर सीधा नियमितिकरण किया जाय। वही जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में भर्ती पर सहकारी समिति कर्मचारियों को प्राथमिकता दें। किसान नेता रवि प्रकाश ताम्रकार ने कहा कि वर्ष 2018 में बना कर्मचारी सेवा नियम में संशोधन नहीं हुआ। वहीं विधायक अपने वेतन भत्तो में लगातार वृद्धि कर रहे हैं। उन्होंने कहा समितियाँ किसानों की शेयर से चल रही है। इस दौरान कांग्रेस के सहकारिता प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष रिवेन्द्र यादव, जनपद उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में 15 नवम्बर से धान खरीदी शुरू होने वाली है, लेकिन उससे पहले ही प्रदेशभर के सहकारी समिति कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। एक ओर सरकार धान खरीदी की तैयारी में जुटी है। वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी संघ ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर दी है। दुर्ग में मानस भवन के पास संभाग स्तरीय धरना प्रदर्शन में सहकारी समिति के हजारों कर्मचारी एकत्र हुए।


