दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 13 अक्टूबर। जिले के राशन कार्ड में दर्ज 8 प्रतिशत सदस्यों का ई- केवाईसी अब तक सत्यापित नहीं हो पाया है। ई-केवाईसी के मामले में शहरी क्षेत्र की तुलना में ग्रामीण आगे है सबसे कम रिसाली निगम क्षेत्र में मात्र 61 प्रतिशत सदस्यों का ही ई-केवाईसी हो पाया है।
जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 2 लाख 1 हजार 959 राशन कार्डों में दर्ज 6 लाख 73 हजार 475 सदस्यों में से कुल 5 लाख 84 हजार 543 का ई-केवाईसी सत्यापित हो चुका है। 88 हजार 932 का ई -केवाईसी शेष है अर्थात ग्रामीण क्षेत्र में कुल 86.8 प्रतिशत का ई -केवाईसी हो चुका है मात्र 3.2 प्रतिशत का ही बाकी है। ग्रामीण क्षेत्र में सर्वाधिक धमधा विकास खंड क्षे त्र में 88 .18 प्रतिशत का ई-केवाईसी हो गया है। वहीं दुर्ग विकास खंड में 87 तथा पाटन में 85.31 प्रतिशत का ई -केवाईसी हुआ है।
इसी प्रकार जिले के नगरीय निकाय क्षेत्रों में 2 लाख 92 हजार 931 राशन कार्डों में दर्ज 10 लाख 48 हजार 451 सदस्यों में से 8 लाख 30 हजार 649 का ई-केवाईसी सत्यापित हो गया है वहीं 2 लाख 17 हजार 802 का ई-केवाईसी सत्यापित होना बाकी है। नगरीय क्षेत्रों में सर्वाधिक 85.3 प्रतिशत सदस्यों का ई-केवाईसी धमधा नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत सत्यापित हुआ है। वहीं जामुल नगर पालिका 83.2, उतई नगर पंचायत 83.05, अहिवारा नगर पालिका 82.24, चरोदा भिलाई 3 नगर निगम 80.77, कुम्हारी नगर पालिका 80.58, पाटन नगर पंचायत 80.33, भिलाई नगर निगम 79.15, एवं दुर्ग नगर निगम क्षेत्र में 77.91 प्रतिशत का ई -केवाईसी सत्यापित हुआ है।


