दुर्ग
दुर्ग, 26 सितंबर। भारतीय किसान संघ अध्यक्ष लोकेन्द्र बन्छोर, व सभापति कृषि स्थायी समिति जनपद पंचायत दुर्ग गोकुल वर्मा ने जिले के रुआबान्धा स्थित बीज प्रक्रिया केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमाणित बीज का कृषि में अधिकाधिक प्रयोग किए जाने पर विशेष जोर दिया साथ ही जिले में खरीफ बीज उत्पादन कार्यक्रम के पंजीयन, वर्तमान रबी बीज की आवश्यकता, उपलब्धता आदि की समीक्षा की। उन्होंने रबी के लिए जिले में प्रदाय किये जाने वाले गेंहूं,चना, तिवड़ा, सरसों, अलसी और कुसुम की भौतिक अवस्था और बीज ग्रेडर मशीन का अवलोकन किया और चना बीज की पैकिंग की प्रक्रिया देखी गयी। इस अवसर पर उपस्थित जिला बीज प्रबंधक एसके बेहरा ने बीज प्रमाणीकरण एवं बीज उत्पादन कार्यक्रम की विस्तृत तकनीकी जानकारी, बीज पैकिंग में टैग का महत्व,उन्नत और पुष्ट बीज का खेती में महत्व और भविष्य में जैविक प्रमाणीकरण की योजना आदि से अवगत कराया। इस अवसर पर जनपद दुर्ग के कृषि सभापति द्वारा अपने कार्यक्षेत्र में बीज उत्पादन कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार कर, प्रमाणित बीज का कृषि में अधिकाधिक प्रयोग किया जाने की बात कही। साथ ही
कृषि में विविधीकरण हेतु दलहन, तिलहन फसलों पर विशेष प्रोत्साहन राशि की आवश्यकता, हरी खाद की खेती और उपयोग पर अपने विचार रखे गये।
इस अवसर पर बीज निगम के बीज प्रबंधक और समस्त स्टॉफ, दैनिक वेतनभोगी श्रमिक भी उपस्थित रहे तथा बीज प्रबंधक द्वारा उपस्थित जनप्रतिनिधियों को बीज उत्पादन प्रक्रिया, बीज उत्पादक किसानों को भुगतान, समिति में बीज भंडारण और राशि वसूली और प्रक्रिया केंद्र संचालन की विस्तृत जानकारी दी।


