दुर्ग

अवैध शराब बिक्री, मना करने पर सरपंच को धमकी, ग्रामीणों में रोष
22-Sep-2025 4:10 PM
अवैध शराब बिक्री, मना करने पर सरपंच को धमकी, ग्रामीणों में रोष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 सितंबर।
अवैध शराब बिक्री करने वालों के हौसले बुलंद इतना ज्यादा बुलंद है कि मना करने पर सरपंच को ही वे धमकी देने लगे। घटना को लेकर ग्राम पंचायत दमोदा अंतर्गत आश्रित ग्राम 2 खुर्सीडीह व आसपास के ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारी व पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते रोष व्यक्त किया एवं तत्काल अवैध शराब बिक्री बंद कराने मांग की। जानकारी के अनुसार पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत खुर्सीडीह दामोदा और नगपुरा गांव के ग्रामीणों ने आज गांव में जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि इलाके में चल रही अवैध शराब बिक्री के कारोबार से दहशत और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोग लगातार शराब बेच रहे हैं। जब लोग इसका विरोध करते हैं, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नगपुरा चौकी बने 6 साल हो गए, लेकिन आज तक इस अवैध कारोबार पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस भी टाल देती है। दबाव बनने पर कभी-कभार कुछ लोगों को पकडक़र छोड़ दिया जाता है, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी आक्रोश को लेकर आज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।

क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने बताया कि ग्राम खुर्सीडीह के पारधी पारा में कुछ लोग शराब बेचते हैं उनको मना करने आज सरपंच गायत्री साहू पहुंची तो उन्हें ही छेड़छाड़ के आरोप फंसाने की धमकी देकर विवाद करने लगे जिसकी उन्हें (प्रिया को ) सरपंच ने फोन से सूचना दी। इस पर वे खुर्सीडीह पहुंची और ग्रामीणों के साथ अवैध शराब बेचने वालों के घर जाकर उन्हें शराब नहीं बेचने समझाइश दी। इस बीच घटना को लेकर उद्धेलित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों द्वारा प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। जिन्हें भी ग्रामीणों के रोष का सामना करना पड़ा। उन्होंने तत्काल क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब पर रोक लगाने सख्त कार्रवाई करने मांग की।


अन्य पोस्ट