दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 मई। भिलाई इस्पात संयंत्र से 65 लाख रुपए की सामग्री चोरी मामले का 10 वर्ष पूर्व से फरार चल रहे आरोपी रवि सोनी को भ_ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने अन्य साथियों के साथ बीएसपी प्लेटेमिल एरिया स्पेयर यार्ड से 5 नग नट कीमती लगभग 65 लाख रुपए की चोरी किया था। इस मामले में चार आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
भिलाईनगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि 23 जून 2015 को प्रार्थी गहन सेन गुप्ता उप महाप्रबंधक प्लेट मिल भिलाई इस्पात संयंत्र ने थाना भिलाई भ_ी मे एक लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराया कि भिलाई इस्पात संयंत्र के प्लेट मिल एरिया स्पेयर यार्ड से पांच नग नट कीमती 65 लाख रुपए को कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना भिलाई भ_ी ने धारा 379, 447, 467, 468, 471, 120 इ,34, 25,26 छ. ग. सुरक्षा अधिनियम कायम कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान आरोपियों ने घटना में उपयोग किए गए ट्रक को जब्त किया।
आरोपियों ने कूटरचित बिल्टी चालान तैयार कर अवैधानिक रूप से भिलाई इस्पात संयंत्र के अंदर प्रवेश कर संयंत्र परिसर के प्लेट मिल स्पेयर यार्ड से से 05 नग नट को चोरी कर ले जाना पाये जाने पर पूर्व में आरोपी उस्मान बेग, शशिकांत मिश्रा,अंकित तिवारी,जितेंद्र चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। फरार आरोपी रवि सोनी की खोजबीन के दौरान आरोपी के जामुल में रहने की सूचना पर तत्काल पुलिस टीम को रवाना कर आरोपी को गिरफ्तार किया है।


