दुर्ग

अब मनरेगा अधिकारी-कर्मचारी भी हड़ताल पर
27-Mar-2025 4:21 PM
अब मनरेगा अधिकारी-कर्मचारी भी हड़ताल पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 मार्च।
ग्राम पंचायत सचिवों के बाद अब मनरेगा अधिकारी-कर्मचारी भी आंदोलन की राह चले गए हैं। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपकर तीन दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। मनरेगा कर्मचारियों ने उनके समक्ष चार सूत्रीय मांग रखे हैं।

छग मनरेगा कर्मचारी महासंघ के दुर्ग जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध ताम्रकार का कहना है कि विगत चार-पांच माह से मनरेगा कर्मियों (अधिकारी/कर्मचारी/ ग्राम रोजगार सहायकों) का वेतन भुगतान आज  तक लंबित है। तद्संबंध में उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री छत्तीसगढ़ शासन, आयुक्त महात्मा गांधी नरेगा एवं प्रमुख सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को मनरेगा कर्मियों की सेवा सुरक्षा हेतु मानव संसाधन नीति लागू करने, हड़ताल अवधि का वेतन भुगतान एवं मनरेगा कर्मियों से मनरेगा के अलावा अन्य कोई काम नहीं लेने के संबंध में ज्ञापन सौंपा गया था। तदोपरांत संदर्भित  छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ द्वारा उप मुख्यमंत्री/ पंचायत मंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, आयुक्त महात्मा गांधी नरेगा एवं सर्व जिला कलेक्टर को 4 सूत्रीय मांगों सहित हड़ताल में जाने की सूचना प्रेषित की गई है।
 

मनरेगा कर्मियों का कहना है कि नियमितीकरण की प्रक्रिया पूर्ण होने तक मनरेगा कर्मियों के सेवा एवं सामाजिक सुरक्षा हेतु मानव संसाधन नीति तत्काल लागू किया जाए। पूर्व में किये गये हड़ताल अवधि का वेतन-मानदेय तत्काल प्रदान करें। विगत 4-5 माह से लंबित वेतन का तत्काल भुगतान किया जाए तथा प्रतिमाह 1 से 5 तारीख के मध्य वेतन/ मानदेय भुगतान हो। साथ ही उपरोक्त मांग पूरी होने तक मनरेगा कर्मियों से केन्द्र व राज्य शासन के निर्देशानुसार महात्मा गांधी नरेगा योजना के अलावा अन्य कोई कार्य न लिया जाए। 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ के आहवान पर उक्त दिनांक 26, 27 एवं 28 मार्च को राज्य, जिला, ब्लॉक स्तरीय समस्त मनरेगा कर्मी 3 दिवसीय सांकेतीक हड़ताल में जा रहे हैं। इसके बाद भी उनकी मांगे पूरी नहीं किये जाने पर निकट भविष्य में अनिश्चितकालीन हड़ताल में जाने हेतु बाध्य होंगे। इस दौरान एपीओ मनरेगा अरदीप ढीढ़ी, पीओ गौरव मिश्रा, रीता चाटे, अजय, प्रिया सहित बड़ी संख्या में जिले के मनरेगा कर्मी मौजूद थे।

 


अन्य पोस्ट