दुर्ग

गुंडिचा मंडप में सांसद विजय बघेल ने निभाया राजा का कर्तव्य, जय जगन्नाथ से गूंजा शहर
07-Jul-2025 3:06 PM
गुंडिचा मंडप में सांसद विजय बघेल ने निभाया राजा का कर्तव्य, जय जगन्नाथ से गूंजा शहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उतई, 7 जुलाई।  उत्कल सांस्कृतिक परिषद भिलाई नगर के द्वारा 5 जुलाई को सेक्टर 6 गुंडिचा मंडप से महाप्रभु श्री जगन्नाथ की बाहुड़ा रथयात्रा निकाली गई। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने राजा के भेष में भगवान जगन्नाथ के साथ बलभद्र स्वामी और देवी सुभद्रा की पूजा अर्चना कर छेरा पहरा की परम्परा का निर्वहन किया। श्री बघेल के साथ उनकी पत्नी  रजनी बघेल ने बाहुड़ा रथयात्रा में अपनी उपस्थिति प्रदान कर पूजा-अर्चना में भाग लिया।

     नौ दिनों तक भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ मौसी गुंडिचा देवी के घर रहने के बाद महाप्रभु श्री जगन्नाथ श्री मंदिर लौट आए हैं। इस आयोजन में उत्कल सांस्कृतिक परिषद सेक्टर 6 द्वारा सांसद विजय बघेल को राजा के कर्तव्य निर्वहन के लिए गुंडिचा मंडप में आमंत्रित किया था।

 श्री बघेल अपनी पत्नी  रजनी बघेल के साथ राजा के पद की गरिमा के अनुरूप विशुद्ध भारतीय परिधान में गुंडिचा मंडप सेक्टर 6 पहुंचे। यहां पर उन्होंने महाप्रभु श्री जगन्नाथ, बलभद्र स्वामी और देवी सुभद्रा का विधि विधान से पूजा अर्चना करते हुए देश , प्रदेश और दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में सर्वजन सुखाय सर्वजन हिताय की भावना के साथ सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। 

बघेल ने महाप्रभु  जगन्नाथ को बाहुड़ा यात्रा के लिए रथ पर सवार करने से पहले झाड़ू लगाकर छेरा पहरा का विधान पूरा किया। फिर मौसी गुंडिचा देवी के घर से मंदिर के लिए निकले महाप्रभु के रथ को खींचकर सांसद विजय बघेल ने उपस्थित भक्तों को बधाई दी।


अन्य पोस्ट