दुर्ग

प्राचार्य खुदकुशी, कुछ के हुए बयान
30-Oct-2021 5:54 PM
प्राचार्य खुदकुशी, कुछ के हुए बयान

पुलिस को अब परिजनों का इंतजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 30 अक्टूबर।
नंदिनी के शासकीय नागरिक कल्याण कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. भुवनेश्वर नायक के खुदकुशी मामले की जांच शुरू हो गई है। कल नंदिनी पुलिस ने कॉलेज के कुछ स्टाफ के बयान लिये हैं।

पुलिस के लिए परिजनों का बयान अहम है, क्योंकि उनके आरोपों के आधार पर ही आगे की पूछताछ अन्य लोगों से की जाएगी। परिजनों से संपर्क करने पर उन्होंने अंतिम संस्कार के बाद ही वापस लौटने की बात कही है। फिलहाल इस दौरान पुलिस पीएम रिपोर्ट व कुछ बाहरी लोगों के बयान दर्ज कर जांच आगे बढ़ा रही है।

गौरतलब हो कि 28 अक्टूबर को शासकीय नागरिक कल्याण कॉलेज अहिवारा के प्रभारी प्राचार्य डॉ. नायक ने कॉलेज के पुराने भवन में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मौके पर पहुंची नंदिनी पुलिस जांच शुरू की तो उन्हें डॉ. नायक की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला था। सुसाइड नोट से साफ हो गया है कि उन्होंने खुदकुशी व्यक्तिगत कारणों से नहीं की, बल्कि उन्हें इसके लिए तीन लोगों ने मजबूर किया है। जिन तीन लोगों के नाम सुसाइड नोट में लिखे हैं वह कॉलेज के ही स्टॉफ बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद पुलिस इस मामले जांच करती, इससे पहले ही पीएम के बाद परिजन डॉ. नायक के शव को लेकर पैतृक गांव अंतिम संस्कार के लिए चले गए। परिजन फिलहाल उनकी मौत को लेकर कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। उनके अंतिम संस्कार से आने के बाद ही मामले में पुलिस उनसे पूछताछ करेगी।

 


अन्य पोस्ट