दुर्ग
कहा दोषियों के खिलाफ पुलिस करें एफआईआर दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 12 सितंबर। जिले में धर्मांतरण के विरोध में शनिवार को बजरंग दल ने कलेक्ट्रेट के सामने जमकर हल्ला बोला। बजरंग दल का आरोप था कि हिंदू समाज के गरीब और भोले-भाले लोगों को रुपए- पैसों का प्रलोभन देकर उनका धर्मांतरण किया जा रहा हैं।
बताया गया कि धर्मांतरण के ऐसे कई मामले बजरंग दल द्वारा पूर्व में जिला प्रशासन व पुलिस के संज्ञान में लाया गया हैं, लेकिन धर्मांतरण में लिप्त पादरियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से दुर्ग जिला धर्मांतरण का मुख्य केंद्र बन गया है।
प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल ने पुलिस अधीक्षक बीएन मीणा के नाम एएसपी शहर संजय धु्रव को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में दुर्ग शहर, सुपेला डेरा बस्ती, जामुल एवं अन्य क्षेत्रों के धर्मांतरण मामले का जिक्र करते हुए 8 पादरियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में इन पादरियों के बकायदा नामों का भी उल्लेख किया गया है, साथ ही बजरंगियों ने धर्मांतरण पर रोक लगाने पुलिस अधीक्षक से स्पेशल जांच टीम गठन करने का आग्रह किया है, ताकि यह टीम धर्मांतरण में लिप्त पादरियों की निगरानी कर तत्काल उनके खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित कर सके। यह प्रदर्शन बजरंग दल के छत्तीसगढ़ प्रांत संयोजक रतन यादव के नेतृत्व में किया गया।
श्री यादव ने कहा है कि बजरंग दल व विहिप द्वारा धर्मांतरण के खिलाफ पूरे छत्तीसगढ़ में मोर्चा खोला गया हैं। सुपेला डेरा बस्ती धर्मांतरण मामले में आज तक पादरियों की गिरफ्तारी नहीं हुई हैं। इस मुद्दे को लेकर बजरंगियो ने चक्काजाम आंदोलन कर अपनी गिरफ्तारी दी थी। अब पता चला है कि इस मामले में पुलिस द्वारा पीडि़तों का बयान बदल दिया गया हैं। सुपेला डेरा बस्ती धर्मांतरण मामले में एफआईआर एवं अन्य मामले को लेकर आज प्रदर्शन किया गया हैं। पुलिस अधीक्षक द्वारा बजरंगियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अगर कार्रवाई जल्द नहीं की गई, तो बजरंग दल फिर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। इसके पहले प्रदर्शन के दौरान धर्मांतरण के मामलों को लेकर बजरंगियों में काफी आक्रोश था।
फलस्वरुप बजरंगी शहर का भ्रमण करते हुए रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट के सामने पहुंचे। यहां बजरंगियों ने धर्मांतरण के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपना गुस्सा जताया। बजरंगियों को इस दौरान पुलिस द्वारा कलेक्ट्रेट की ओर जाने से रोका गया। जिससे सुरक्षा में तैनात पुलिस बल और बजरंगियों के बीच कहासुनी भी हुई। प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर के आसपास सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था किए थे। पुलिस की स्पेशल घोष्ट स्कॉट के अलावा अन्य सुरक्षा बलों को मौके पर तैनात किया गया था। जिसके चलते बजरंगी कलेक्ट्रेट में प्रवेश नहीं कर सके।
बजरंग दल द्वारा कलेक्ट्रेट के बाहर एएसपी शहर संजय धु्रव को ज्ञापन सौंपकर जिला प्रशासन और पुलिस को अपनी मांगों से अवगत कराया गया। प्रदर्शन में बजरंग दल के प्रांत अध्यक्ष संतोष गोलछा, विभाग मंत्री अनिल गुर्जर, जिला संयोजक अपूर्व सिंह, भिलाई जिला संयोजक रवि निगम, जिला सह मंत्री राकेश शिंदे, रघुवीर साहू बंटी पवार, मयंक उमरे, कुशल तिवारी, पप्पू मानिकपुरी, रवि बंजारे, शंकर चौहान, विनय यादव, कुलेश्वर यादव, बंटी राजपूत, संजीव चौबे के अलावा बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता शामिल हुए।


