धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 17 अक्टूबर। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत पाटन के विधानसभा सम्मेलन में मुख्य वक्ता के तौर पर शामिल हुए कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर ने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने वोकल फॉर लोकल का हिन्दी संसकरण पेश करते हुए स्व भाषा और स्व भूषा पर गर्व करने की सीख दी।
गुरुवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र से लगी विधानसभा पाटन के स्वामी आत्मानंद ऑडिटोरियम में आयोजित हर घर स्वदेशी घर घर स्वदेशी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि मोदी जी के नेतृत्व में एक नया भारत तैयार हो रहा है। जहाँ सभी क्षेत्रों में तेज गति से विकास हो रहा है।
भारतमाला सडक़ परियोजना के तहत रायपुर से विशाखापट्टनम, आरंग से दुर्ग- नागपुर के लिए बन रही सडक़, रेल लाइन विस्तार आदि उदाहरण रखते हुए कहा कि हम वही देश हैं जो सबसे ज्यादा और सबसे सस्ता उपग्रह अंतरिक्ष में भेजते हैं। रक्षा क्षेत्र में आयातक से हम निर्यातक की भूमिका में पहुँच गए हैं। कोविड काल में मोदी जी के नेतृत्व में हमने 100 देशों को मैत्री वैक्सीन सप्लाई कर करोड़ों की प्राण रक्षा में मददगार बने। नई शिक्षा नीति के माध्यम से हम कुशल मानव संसाधन तैयार कर रहे हैं।
पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय चन्द्राकर ने कहा कि मेक इन इंडिया, स्टार्टअप जैसे दर्जनों प्रोग्राम की झड़ी लगाने वाले पीएम मोदी ने एमएसएमई सेक्टर की मदद कर रोजगार के अवसर और आत्मनिर्भरता की मिसाल पैदा की है। श्री चन्द्राकर ने अमेरिकी टैरिफ नीति को भेदभावपूर्ण बताते हुए कहा कि भारत अपने किसानों के हितों से समझौता नहीं करेगा।
उन्होंने स्थानीय परिधान और सांस्कृतिक विरासत के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय साडिय़ां विश्वभर में पसंद की जा रही हैं, लेकिन हमें स्वयं अपनी परंपराओं और संस्कृति के प्रति गर्व करना होगा। हम बदलेंगे तभी युग बदलेगा, इस नीति पर अमल करते हुए हमें स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करना होगा, तभी भारत आत्मनिर्भर बनेगा।
कांग्रेस की नीतियों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पाटन क्षेत्र में विकास के दावों की वास्तविकता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से पिछले पांच वर्षों में क्षेत्र के विकास पर जवाब मांगने की बात कही।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता जितेंद्र वर्मा, शरद बघेल, कृष्ण भाले, महत्तर वर्मा, राकेश पांडे, सुरेंद्र वर्मा, राजा पाठक, खेमलाल साहू, सुरेश साहू, धर्मेंद्र कौशिक, कैलाश यादव, प्रणव शर्मा, हरिशंकर साहू, दीपक चतुर्वेदी, घनश्याम कौशिक, कृष्ण साहू, अखिलेश मिश्रा,अश्वनी देशलहरा, सुनीता कुर्रे, इंदिरा कोसरिया, किरण बंछोर एवं पाषर्दगण, गणमान्य नागरिक मौजूद थे।


