दन्तेवाड़ा

नन्हें परिंदे से 20 छात्रों का चयन
12-Mar-2026 11:25 PM
नन्हें परिंदे से 20 छात्रों का चयन

सैनिक विद्यालय की परीक्षा में कामयाबी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 12 मार्च। दंतेवाड़ा में संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय चयन पूर्व प्रशिक्षण केंद्र ‘नन्हे परिंदे’, पातररास के छात्रों द्वारा दंतेवाड़ा का परचम लहराया गया है। प्रशिक्षण केंद्र के 20 विद्यार्थियों ने सैनिक विद्यालय चयन परीक्षा  उत्तीर्ण कर ली है। चयन प्रक्रिया के अगले चरण के अंतर्गत इन विद्यार्थियों को मेडिकल जांच हेतु कॉल प्राप्त हुआ है, जो उनके अंतिम चयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

  दंतेवाड़ा जैसे दूरस्थ और आदिवासी बहुल जिले के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसरों तक पहुंच बनाना एक चुनौतीपूर्ण कार्य रहा है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित ‘नन्हे परिंदे’ प्रशिक्षण केंद्र इन बच्चों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार करने का एक सशक्त मंच बनकर उभरा है।

इस केंद्र में विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा की तैयारी हेतु नियमित कोचिंग, विषयगत मार्गदर्शन, अभ्यास परीक्षाएं तथा शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जाता है।

अनुभवी शिक्षकों द्वारा बच्चों की अवधारणात्मक समझ को मजबूत करते हुए उन्हें प्रतिस्पर्धी माहौल में तैयार किया जाता है, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

जिला प्रशासन के अनुसार यह सफलता न केवल बच्चों की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि प्रशिक्षकों, अभिभावकों और प्रशासन के सामूहिक प्रयासों का भी प्रतिफल है। इन बच्चों की सफलता से जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा संस्थाओं में प्रवेश पाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

जिला प्रशासन ने इस उपलब्धि पर सभी चयनित विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा प्रशिक्षण केंद्र के शिक्षकों को बधाई दी है। आशा व्यक्त की है कि आगामी चरणों में भी ये विद्यार्थी सफल होकर सैनिक विद्यालय में प्रवेश प्राप्त करेंगे और भविष्य में जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।


अन्य पोस्ट