दन्तेवाड़ा
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बचेली, 11 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पूरे देश में चलाए जा रहे 'हर घर तिरंगाÓ अभियान के तहत केंद्रीय विद्यालय बचेली में उत्साहपूर्ण तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।
रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य बाज़ार मार्गों से होते हुए पुन: विद्यालय में समाप्त हुई। इसमें विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में भारत माता की जय, वंदे मातरम और हर घर तिरंगा जैसे देशभक्ति नारों से वातावरण गूंज उठा।
विद्यालय के शिक्षकगण भी इस रैली में सम्मिलित हुए और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सभी ने संकल्प लिया कि तिरंगा सिर्फ स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर ही नहीं, बल्कि सदैव सम्मानपूर्वक फहराया और सहेजा जाएगा।
विद्यालय प्रभारी प्राचार्य प्रतीक जयसवाल ने विद्यार्थियों के जोश और देशभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता की भावना को और प्रबल करते हैं।


