दन्तेवाड़ा

केएमएस नहीं होगा राष्ट्रव्यापी औद्योगिक हड़ताल में शामिल, परियोजना प्रमुख को सौंपा ज्ञापन
07-Jul-2025 10:32 PM
 केएमएस नहीं होगा राष्ट्रव्यापी औद्योगिक हड़ताल में शामिल, परियोजना प्रमुख को सौंपा ज्ञापन

अन्य दो श्रमिक संगठन होगी शामिल, मजदूर विरोधी चारों नए लेबर कोड निरस्त करने सहित अन्य मंागें शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 7 जुलाई। राष्ट्रव्यापी औद्योगिक हड़ताल से पहले एनएमडीसी बचेली परियेाजना में एक अहम मोड़ देखने को मिला है। खदान मजदूर संघ (केएमएस) ने स्पष्ट कर दिया है कि वह 9 जुलाई को प्रस्तावित इस हड़ताल में हिस्सा नहीं लेगा। इस आशय का औपचारिक ज्ञापन खदान मजदूर संघ की बचेली शाखा द्वारा बचेली परियोजना प्रमुख कोडारी श्रीधर को सौंपा गया है।

ज्ञापन में यह उल्लेख किया गया है कि खदान मजदूर संघ, भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर 9 जुलाई  को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल में भाग नहीं लेगा। बीकेएमएस ने यह भी स्पष्ट किया कि वह हड़ताल या किसी भी प्रकार के आंदोलन से स्वयं को अलग रखेगा।

ज्ञापन में संघ ने परियोजना प्रमुख से कहा है कि बचेली काम्पलेक्स के प्रबंधन द्वारा हर संभव प्रयास और व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि हमारे सदस्यों को एनएमडीसी चेकपोस्ट से आसानी से और आंदोलनकारी यूनियन सदस्यों के साथ किसी भी अवांछित टकराव के बिना प्रवेश की सुविधा मिल सके।

हालांकि बीकेएमएस ने हड़ताल से किनारा कर लिया है, मगर देशभर में कई अन्य यूनियनें हड़ताल में शामिल हो रही हैं। यह राष्ट्रव्यापी औद्योगिक हड़ताल केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं स्वतंत्र कर्मचारी फेडरेशनों के संयुक्त मंच के आह्वान पर आयोजित की जा रही है।

एनएमडीसी की बचेली व किरंदुल परियोजना दो श्रमिक संगठन है मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन एवं संयुक्त खदान मजदूर संघ जो इस हड़ताल में शामिल हो रही है। हड़ताल की प्रमुख मांगें हैं, जिसमें मजदूर विरोधी चारों नए लेबर कोड को निरस्त किया जाए। सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों, बैंकों और बीमा का निजीकरण रोका जाए। न्यूनतम मजदूरी 26,000 रु. प्रतिमाह सुनिश्चित की जाए और सामाजिक सुरक्षा दी जाए। पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू किया जाए। ठेका प्रथा को समाप्त किया जाए। राष्ट्रीय न्यूनतम मजदूरी घोषित की जाए। महंगाई पर नियंत्रण लगाया जाए। रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाए। बेरोजगारों को रोजगार दिया जाए। नि:शुल्क शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था मुहैया कराया जाए।


अन्य पोस्ट