दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 14 मार्च। मेहनत से बढक़र सफलता का कोई दूसरा रास्ता नहीं है। इस उक्त को चरितार्थ किया है राजकुमारी सिन्हा( उच्च प्राथमिक शाला कड़तीपारा गीदम) ने।
राजकुमारी सिन्हा द्वारा ‘सौ दिन’ अर्थात चौदह सप्ताह कार्यक्रम के नवम सप्ताह में लक्ष्य आधारित वीडियो निर्माण कार्यक्रम में विज्ञान के प्रयोग पर आधारित वीडियो का निर्माण किया गया है। जिसमें उन्होंने प्रयोग द्वारा बच्चों को यह समझाया है कि ऑक्सीजन गैस जलने में सहायक होती है। इस हेतु उन्हें ‘पढ़ई तुंहर दुआर ’ वेबसाइट पर ‘हमारे नायक’ बनने का सम्मान प्राप्त हुआ है।
श्रीमती सिन्हा ने वैश्विक महामारी के विषम परिस्थितियों में जब विद्यालय बंद हुए तब ऑनलाइन एवं ‘मोहल्ला कक्षाओं’ का संचालन कर बच्चों की शिक्षा निरंतर जारी रखा था। राजकुमारी गणित की शिक्षिका हैं, साथ ही आवश्यकतानुसार वे विज्ञान, सा.विज्ञान एवं हिन्दी विषयों का भी अध्यापन कार्य करती हैं।
राजकुमारी सिन्हा ने प्रिंट रिच कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय एवं उसके अहाते की दीवारों पर विज्ञान से संबंधित चित्रों एवं गणित की विभिन्न ज्यामितीय रचनाओं को उकेर कर बच्चों के सीखने-सीखने को सरल बनाया है। वे व्यावसायिक शिक्षण को बढ़ावा देते हुए बच्चों को मूर्तिकला, बांस की टोकरी, छिंद के पत्तों से गुलदस्ते बनाना, सिलाई-बुनाई एवं कढ़ाई करना सिखाती हैं।
राजकुमारी सिन्हा के मार्गदर्शन में ‘विज्ञान के प्रयोग’ के जिला स्तरीय कार्यक्रमों में विद्यार्थी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते है। श्रीमती सिन्हा बच्चों को कक्षा कक्ष से बाहर ले जाकर प्राकृतिक परिवेश में खेल-खेल में एवं विभिन्न स्वनिर्मित सहायक शिक्षण सामग्रियों का प्रयोग कर शिक्षण को सरल बनाने का प्रयास करती हैं।
वे समय -समय पर शून्य निवेश नवाचारों का प्रयोग कर शिक्षण को रूचिकर एवं सरल बनाती है।
राजकुमारी सिन्हा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए गणतंत्र दिवस 2022 को जिला स्तरीय ‘सुपर-36’ शिक्षकों में सम्मिलित कर सम्मानित किया गया है। राजकुमारी सिन्हा की विभिन्न उपलब्धियों के लिए जिला शिक्षा अधिकारी-राजेश कर्मा, जिला मिशन समन्वयक-एस एल शोरी एवं सहायक संचालक अहिल्या ठाकुर ने शुभकामनाएं प्रेषित कर उत्साहवर्धन किया है।


