कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मोदी पर साधा निशाना, पूछा-जाति जनगणना से क्यों बचते हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 नवंबर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा नेता आदिवासियों पर पेशाब करते हैं और हम उन्हें गले लगाते हैं। भाजपा आदिवासियों को वनवासी कहकर अपमान करते हैं, हम उन्हें आदिवासी कहते हैं। सही मायने में जल जंगल जमीन के असली मालिक आदिवासी हैं। भाजपा आदिवासियों का अधिकार छीनती हैं, हम इनका अधिकार देते हैं।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा और कहा कि नोटबंदी,जीएसटी लागू करके मोदी जी ने हिंदुस्तान के रीढ़ की हड्डी तोड़ दी है। हम किसान, मजदूर के पॉकेट में पैसा डालते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अदानी की जेब में पैसा डालते हैं। हम यहां के मजदूर किसानों की आर्थिक स्थिति ठीक हो समृद्ध बनाने के लिए काम करते हैं, प्रधानमंत्री जी अदानी को पैसा देकर विदेश में निवेश कराते हैं।
उन्होंने सभा में उपस्थित जनता से कहा कि निर्णय आपका है की किसे लाना है, छत्तीसगढ़ में भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार आने वाली है, सभी अपना अमूल्य वोट देकर कांग्रेस को जीत दिलाएं।

सरगुजा जिला के लुंड्रा विधानसभा में ग्राम कतकालो में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि ओबीसी कोई जाति नहीं है, हिंदुस्तान में सिर्फ एक ही जाति है वह है गरीब। राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी जी से पूछा कि जब हिंदुस्तान में एक ही जाति गरीब है तो आप क्यों अपने आप को ओबीसी कहते हैं। राहुल ने कहा कि आप चुनाव जीत लिए, हवाई जहाज में उडऩे लगे, करोड़ों का सूट पहनते हैं और एक दिन में पांच कपड़े बदलते हैं। जब ओबीसी युवाओं को आपकी जरूरत पड़ी तो कहते हैं कि एक ही जाति है गरीब।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टेबल पर जातिगत समीकरण के सारे फाइल रखे हुए हैं, वह चाहे तो एक सेकंड में रिलीज कर सकते हैं, पर उनकी मनसा ऐसी नहीं है। राहुल ने सभा में युवाओं से कहा कि अगली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आएंगे तो उनसे पूछीएगा कि हमारी सच्चाई बता दो, वह जवाब नहीं दे पाएंगे,क्योंकि रिमोट कंट्रोल अडानी के पास है। प्रधानमंत्री की मार्केटिंग अडानी जी करते हैं।
राहुल ने कहा कि ओबीसी वालों के भविष्य के लिए जाति का जनगणना होनी चाहिए और हम छत्तीसगढ़ में इस चुनाव के बाद जाति का जनगणना करेंगे जिससे उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। राहुल ने कहा जैसे ही छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार बनेगी, हम जाति जनगणना शुरू कर देंगे।
आगे कहा कि 2018 में जब मैं छत्तीसगढ़ वासियों से वादा किया था कि सरकार बनने के 10 घंटे के अंदर ही किसानों का कर्ज माफ करेंगे एवं धान खरीदी 2500 रुपए क्विंटल में खरीदी करेंगे, तब भाजपा के नेताओं द्वारा बोला जा रहा था कि कांग्रेस सच नहीं बोल रही है। हमने सरकार बनने के 2 घंटे के अंदर ही कैबिनेट की पहली बैठक में कर्ज माफ कर दिया और 2500 रुपये प्रति क्विंटल धान खरीदी किया।

राहुल ने कहा कि आज कोई कह नहीं सकता कि उनका कर्ज माफ नहीं हुआ। राहुल ने कहा जो हम कहते हैं उसे करके दिखाते हैं। राहुल ने सभा में उपस्थित लोगों से कहा कि आपसे दो-तीन महीने का रिश्ता नहीं आपसे बहुत पुराना और गहरा रिश्ता है।
राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां आए और आप लोगों से 15 लाख सबके खाते में डालने का वादा किया था लेकिन किसी के एकाउंट में पैसा नहीं गया। नोटबंदी करके काला धन वापस लाने की बात कही थी लेकिन यह भी नहीं हुआ। किसान बिल लाया, जिसे किसानों ने खुद ही रोक दिया। आप जानते हो कौन सच बोलता है और कौन झूठ बोलता है। हमने आपसे जो कहा था जो वादा किया था उसे पूरा करके दिखाया है।
इस वर्ष कांग्रेस ने वादा किया है कि किसानों का धान 3200 क्विंटल में खरीदेंगे, 200 यूनिट तक बिजली बिल माफ जिसका लाभ छत्तीसगढ़ के 40 लाख परिवारों को मिलेगा। तेंदूपत्ता खरीदी हम 4000 से बढ़ाकर 6 हजार रुपए खरीदेंगे। 23 हजार करोड़ रुपए हमने किसान न्याय योजना में दिया।
राहुल ने सभा में लोगों से पूछा कि भाजपा ने आपका कर्ज माफ किया, बोनस दिया, मुफ्त में बिजली दी, नहीं दिया। राहुल ने कहा कि छत्तीसगढ़ हिंदुस्तान का पहला राज्य होगा, जहां केजी से लेकर पीजी तक शिक्षा मुक्त होगी,कांग्रेस जहां मुफ्त शिक्षा की ओर अग्रसर है, वहीं भाजपा प्राइवेटाइज पर जोर दे रही है।
भाजपा चाहती है छत्तीसगढ़ के आदिवासियों के बच्चे अंग्रेजी न बोले और न पढ़े, कंपटीशन में भाग ना ले। राहुल ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि जब आपके बच्चे इंग्लिश मीडियम में पढ़ सकते हैं तो दलित आदिवासियों का बच्चा क्यों नहीं पढ़ सकता, इसलिए हमने पूरे प्रदेश में स्वामी आत्मानंद स्कूल का जाल बिछाने का निर्णय लिया और सरकार में आते ही सभी शासकीय स्कूलों को स्वामी आत्मानंद स्कूल में मर्ज कर देंगे ताकि छत्तीसगढ़ के आदिवासी का बच्चा भी जहां जाए वहां अंग्रेजी बोलकर अपने मां-बाप का सीना चौड़ा कर सके।
कांग्रेस के हर प्रत्याशी को विजयी बनाकर भेजें ताकि हो विकास- सिंहदेव
सभा को संबोधित करते छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि पहले चरण के मतदान में 20 सीटों में से 16 से अधिक सीटों में कांग्रेस को बहुमत मिल रहा है, अब दूसरे चरण में 70 सीटों पर मतदान होना है। पिछले बार भी अपने सरगुजा में 14 में 14 सीट कांग्रेस को दी थी, इस बार भी हर प्रत्याशी को विजयी बनाकर भेजें ताकि प्रतिनिधित्व करने का मौका मिले व सरगुजा सहित पूरे छत्तीसगढ़ का विकास हो।
श्री सिंहदेव ने कहा कि 5 साल में भूपेश सरकार ने प्रदेश में अद्वितीय कार्य किए हैं। पिछले वर्ष सीतापुर से राहुल गांधी जी ने संकल्प दिया था 10 दिन के अंदर कर्ज माफ और 2500 रुपए क्विंटल में धान खरीदी करेंगे,सरकार में आने के 2 घंटे के अंदर ही यह वादे को हमने पूरा किया। कांग्रेस सरकार ने एसटी,एससी सामान्य वर्ग, पिछड़ा वर्ग सभी के लिए कार्य किए हैं। स्कूल,कॉलेज शिक्षा,चिकित्सा के अलावा रसोइयों, आंगनबाड़ी सहित कर्मचारी के हितों के लिए सरकार ने कार्य किया है। श्री सिंहदेव ने कहा कि आपके बाल पर ही कुछ कर पाने की स्थिति में हम लोग रहेंगे,कांग्रेस के हर प्रत्याशी को जिताना आपके हाथ में है।
कांग्रेस सरकार ने सभी वर्गों का किया है विकास-अमरजीत
चुनावी सभा को मंत्री अमरजीत भगत ने संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार आई है सभी वर्गों के हितों के लिए इस सरकार ने काम किए हैं। कोरोना जैसे भयवाहक महामारी में भी छत्तीसगढ़ राज्य ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए पूरे देश को दिखाया है कि छत्तीसगढ़ क्या कर सकता है। भूपेश सरकार ने गांव,गरीब किसान मजदूर सभी के लिए योजना बनाया और काम किया जिससे आज किसान,मजदूर खुशहाल और समृद्ध हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की प्रभारी कुमारी शैलजा, लुन्ड्रा विधायक प्रीतम राम, हिमाचल की पूर्व मंत्री आशा कुमारी, श्रम कल्याण मंडल बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बालकृष्ण पाठक, अजय अग्रवाल, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल,प्रवक्ता आशीष वर्मा सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।