सम्मेलन 9 को, समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों व वरिष्ठों का सम्मान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,8 जून। पर्यावरण की रक्षा हेतु वृक्षारोपण, जल है तो जीवन है, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, करें योग-रहें निरोग के संदेश के साथ एक आदर्श समाज के रूप में स्थापित हो रहे शौण्डिक/सुंडी समाज का सम्मेलन माता राजमोहिनी देवी भवन, पीजी कॉलेज के सामने अम्बिकापुर, सरगुजा छ.ग. में 9 जून को हो रहा है। यह सम्मेलन शौण्डिक/सुंडी समाज के संगठन की मजबूती के साथ ही सामाजिक, राजनैतिक, धार्मिक क्षेत्रों में अपनी भूमिका का निर्वहन तथा समाज/देशहित में कार्य करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में समाज के प्रतिभावान छात्र/छात्राएं, समाज के गौरव और वरिष्ठ लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। उक्त जानकारी समाज के पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता में दी।
शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान समाज के अध्यक्ष विजेंद्र कुमार गुप्ता, संरक्षक छगनलाल गुप्ता, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, सलाहकार विजय गुप्ता, सचिव रवि भूषण गुप्ता, उपाध्यक्ष श्याम गुप्ता पप्पू, विजय गुप्ता, सह मीडिया प्रभारी विकास गुप्ता व आनंद कुमार गुप्ता मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर शौण्डिक/सुंडी समाज के द्वारा मोनो और झण्डा का भी विमोचन किया जाएगा। समाज के इस सम्मेलन में असमय मृत्युभोज पर सुझाव, मृत्यु पश्चात चंदनपान में वस्त्रदान के स्थान पर नगद प्रदान करने का निवेदन, विवाह के अवसर पर मांस एवं मदिरा का पूर्ण प्रतिबंध हेतु निवेदन एवं विवाह तथा अन्य अवसरों पर अन्न का दुरूपयोग न करने हेतु निवेदन किया जाएगा।
शौण्डिक/सुंडी समाज के इस सम्मेलन में मॉडल के तौर पर राजमोहिनी देवी भवन परिसर में अतिथियों के द्वारा पांच उपयोगी पौधों का वृक्षारोपण तथा एक हजार पौधा का वितरण कर उसे लगाने हेतु निवेदन किया जायेगा। समाज के द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश में पांच लाख और पूरे देश में 1 करोड़ वृक्षारोपण का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर समाज के लोगों के द्वारा यह शपथ लिया जायेगा कि ‘हम वृक्षारोपण करेंगे, जल का बचाव करेंगे, बेटियों को शिक्षा हेतु प्रोत्साहित करेंगे, स्वस्थ रहने के लिए योग करेंगे और इन सभी कार्यों हेतु दूसरों को भी प्रोत्साहित करेंगे। राजमोहिनी भवन में पांच वृक्ष लगाकर लक्ष्य का शुरुआत करेंगे।
शौण्डिक/सुंडी समाज के इस सम्मेलन में छत्तीसगढ़ प्रदेश के सरगुजा, सूरजपुर, बलरामपुर, मनेन्द्रगढ़, कोरिया, जषपुर, बिलासपुर, रायपुर, धमतरी, कांकेर, जगदलपुर, दुर्ग सहित पड़ोसी जिले झारखण्ड प्रदेष के गढ़वा, लातेहार, गुमला एवं बिहार प्रदेश के लोग भी उपस्थित होंगे।