3 लाख से अधिक दीपों से शोभायमान हुआ दिग्विजय स्टेडियम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 जनवरी। अयोध्या में भगवान श्रीराम लला प्राण-प्रतिष्ठा-रामोत्सव पर दिग्विजय स्टेडियम में श्यामल संध्या में लाखों दीप जल उठे। लगभग 3 लाख से अधिक दीप से शोभायमान हुआ दिग्विज स्टेडियम। भव्य आतिशबाजी से गगन में सितारों की छंटा बिखर गई। सांसद संतोष पाण्डेय ने सोमवार को दिग्विजय स्टेडियम में दीप प्रज्जवलित किया। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम जन-जन के मन में बसे हुए है।
संस्कारधानी में नगरवासियों ने व्यापक पैमाने पर दीप जलाए हंै और शानदार आतिशबाजी की गई। सदियों की प्रतीक्षा समाप्त हुई। हम सौभाग्यशाली है कि 21वीं सदी में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा अयोध्या में की गई है। उन्होंने इस आयोजन के लिए संस्कारधानी सनातन धर्म सेवा परिवार समिति तथा जिला प्रशासन व अन्य सामाजिक संस्थाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
पूर्व सांसद मधुसूदन यादव ने कहा कि वर्षों बाद यह खुशी का दिन आया है। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज दिग्विजय स्टेडियम में लगभग 3 लाख से अधिक दीप प्रज्जवलित किए गए। वहीं संस्कारधानी सनातन धर्म सेवा परिवार समिति द्वारा मानव मंदिर चौक, भारत माता चौक एवं शहर में लगभग 2 लाख दीए जलाए गए।
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने श्रीराम लला के आगमन पर शहरवासियों पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सदियों की प्रतीक्षा समाप्त हुई है। महापौर हेमा देशमुख ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।
उल्लेखनीय है कि शहर में लगभग 5 लाख दीये जलाने समिति एवं संस्कार ठाकुर के माध्यम से जिले का नाम यूएसए बुक ऑफ वल्र्ड रिकार्ड के लिए दर्ज किया गया है। समिति द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर राम, धनुष, त्रिशुल, तीर, डमरू, ओम, स्वास्तिक, गदा, भारत का नक्शा, मोर, दीया जैसी विभिन्न आकृतियां बनाई गई। इस अवसर पर सनातन धर्म सेवा परिवार के संयोजक सुरेश एच. लाल, सह संयोजक एवं पूर्व विधायक डोंगरगढ़ रामजी भारती, खूबचंद पारख, सचिन बघेल, राकेश ठाकुर, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, अपर कलेक्टर इंदिरा नवनी प्रताप सिंह, संयुक्त कलेक्टर एवं अतिरिक्त परिवहन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, एसडीएम अरूण वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित थे।
शीतला माता मंदिर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
अयोध्या में आयोजित श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव के पावन अवसर पर 22 जनवरी को देशभर मेें भव्य रूप से भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी कड़ी में जिला स्तरीय कार्यक्रम सोनारपारा स्थित प्राचीन सिद्धपीठ शीतला माता मंदिर में आयोजित कर अयोध्या में आयोजित श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा रामोत्सव का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर मानस मंडलियों द्वारा श्रीरामचन्द्र जी के जीवन पर आधारित मानस गान व भजन गाया गया एवं रामलीला के माध्यम से रामचरित मानस का मंचन किया गया। कार्यक्रम में दीप दान कर हजारों की संख्या में दीप जलाए गये।
श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव कार्यक्रम के प्रारंभ में सुनील बंसोड एवं उनकी टीम द्वारा श्रीराम के भजनों की प्रस्तुति दी गई। इसके पश्चात अयोध्या में आयोजित श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा का सीधा प्रसारण किया गया। प्रसारण पश्चात सलोनी की रामलीला मंडली द्वारा रामलीला का मंचन किया गया एवं नगर के मानस मंडलियों द्वारा रामचरित मानस पर मानस गान की प्रस्तुति दी गई। संध्या में धर्मप्रेमियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों व कर्मचारियों ने बूढ़ा सागर में दीप दान किया तथा शीतला माता मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में दीप जलाए गए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रसादी का वितरण किया।
कार्यक्रम में संतोष पाण्डे, हेमा सुदेश देशमुख, अशोक शर्मा, मधुसूदन यादव, खूबचन्द पारख, हरिनारायण पप्पू धकेता, किशुन यदु, कोमल सिंह राजपूत, नीलू शर्मा, राजेन्द्र गोलछा, शिव वर्मा, जया दुर्गेश यादव, राजेश जैन रानू, मनीष साहू, महेश साहू, गगन आईच, माया शर्मा, कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार, नगर निगम आयुक्त अभिषेक गुप्ता, एसडीएम अरूण वर्मा उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने भगवान श्रीराम के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पूजा अर्चना कर दीप प्रज्जवलित किया।