-रजिंदर खनूजा
पिथौरा, 19 दिसंबर (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड के शासकीय हाई स्कूलों में गणित विषय में विद्यार्थियों की संख्या कम होने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विकासखंड के कुल 34 हाई स्कूलों में गणित विषय के शिक्षक पदस्थ हैं, लेकिन इनमें से केवल 11 स्कूलों में ही गणित विषय में छात्र अध्ययनरत हैं। सूत्रों के अनुसार गणित विषय में विद्यार्थियों की संख्या और पदस्थ शिक्षकों की संख्या के बीच असंतुलन की स्थिति बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक कुछ वर्ष पहले तक गणित विषय में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों में रुचि देखी जाती थी, जबकि वर्तमान में नामांकन में गिरावट दर्ज की गई है। यदि यही स्थिति बनी रही, तो कुछ स्कूलों में गणित की पढ़ाई केवल कक्षा दसवीं तक सीमित रह सकती है।
34 स्कूल, 103 छात्र और 35 गणित शिक्षक
विकासखंड से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पिथौरा विकासखण्ड के कुल 34 हाई स्कूलों में गणित शिक्षक पदस्थ हैं, लेकिन केवल 11 स्कूलों में ही कक्षा 11वीं और 12वीं में गणित विषय के छात्र हैं।
इनमें परसवानी हाई स्कूल की कक्षा ग्यारहवीं में 9 बारहवीं में 4, चारभाठा में 2 और 5, बढ़ाईपाली में 0 और 3, गोड़बहाल में 0 और 1, कन्या शाला पिथौरा में 4 और 7, सोनासिल्ली में 0 और 3 , स्वामी आत्मानन्द पिथौरा में 15 और 16, आत्मानन्द सांकरा में 8 और 4, ठाकुर दिया खुर्द में 2 और 0, आत्मानन्द पिरदा में 11वीं एवं 12वीं में 9 + 9 , एवं घोंच में 0 और 4 छात्र गणित विषय में पढ़ाई कर रहे हैं।
सूत्रों ने यह भी बताया कि शहरी क्षेत्र होने के कारण स्वामी आत्मानंद पिथौरा विद्यालय में एक अतिरिक्त गणित व्याख्याता की पदस्थापना की गई है।
गणित से दूरी के कारणों पर चर्चा
इस विषय को लेकर शिक्षा विभाग और शासन स्तर पर अध्ययन की आवश्यकता बताई जा रही है। जानकारों के अनुसार यह विचारणीय विषय है कि शासकीय स्कूलों में गणित विषय के प्रति छात्रों और अभिभावकों की रुचि कम क्यों हो रही है?
सूत्रों का कहना है कि शासकीय स्कूलों में गणित के शिक्षक चयन प्रक्रिया से होकर आते हैं, जबकि निजी स्कूलों में कार्यरत कई शिक्षक चयनित नहीं होते, इसके बावजूद शासकीय स्कूलों के प्रति अविश्वास की स्थिति बनी हुई है।