महासमुन्द

यूपीएससी आईईएस परीक्षा में महासमुंद के सत्यम को मिली 51वीं रैंक
19-Dec-2025 3:55 PM
यूपीएससी आईईएस परीक्षा में महासमुंद  के सत्यम को मिली 51वीं रैंक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 19 दिसंबर। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के आयोजित भारतीय इंजीनियरिंग सेवा (आईईएस) परीक्षा 2025 का परिणाम 17 दिसंबर को आया। इसमें महासमुंद के रमनटोला निवासी सत्यम देवांगन (26) ने 51वीं रैंक के साथ सफलता हासिल की। उन्होंने महासमुंद के नाम को राज्य व पूरे देश में गौरवांवित किया है।

सत्यम देवांगन रमनटोला निवासी हितेंद्र कुमार देवांगन के बेटे हैं। उन्होंने साल 2023 में भी अपने प्रथम प्रयास में ही यह परीक्षा 79वीं रैंक के साथ उत्तीर्ण की थी। इसमें वर्तमान में वे केन्द्रीय जल आयोग विभाग, दिल्ली में असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर पदस्थ होकर कार्यरत हैं। अच्छे विभाग, अच्छी रैंक और चुनौतीपूर्ण कार्य की चाहत में उन्होंने पुन: नए सिरे से तैयारी कर यह सफलता अर्जित की है। अब उन्हें भारतीय रेल्वे विभाग में पदस्थ किए जाने की पूर्ण संभावना है।

सत्यम के पिता हितेंद्र देवांगन मूल रूप से ग्राम अरकार, थाना व तहसील गुरुर, जिला बालोद (छग) निवासी हैं। वे महासमुंद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय में स्टेनोग्राफर ग्रेड-1 के पर पद पदस्थ हैं। उनकी माता प्रेरणा देवांगन गृहिणी हैं। जबकि बड़ी बहन भूमिका देवांगन लघु वनोपज वन विभाग, बलौदाबाजार में सहायक प्रबंधक के पद पर पदस्थ है।

 सत्यम ने कक्षा पहली से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई महासमुंद के केंद्रीय विद्यालय से साल 2018 में पूरी की। इसके बाद 2018 से 2022 तक एनआईटी राउरकेला से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक पूर्ण किया। एनआईटी से पढ़ाई करने के बाद 2022 में ही प्राइवेट सेक्टर में जॉब ऑफर आया, पर उन्होंने ज्वाइन नहीं की। इसी दौरान उन्होंने देश की सबसे बड़ी और कठिनतम परीक्षा यूपीएससी को क्रेक करने की ठान ली और कोचिंग के लिए दिल्ली के लिए रवाना हो गए। प्रथम प्रयास 2023 में आई 79वीं रैंक एक साल तक यूपीएससी (आईईएस) कोचिंग करने के बाद साल 2023 में प्रथम प्रयास में ही वे 79वीं रैंक के साथ सेलेक्ट हुए थे। सत्यम ने बताया कि इस साल जून में प्रारंभिक परीक्षा, अगस्त माह में मुख्य परीक्षा और नवंबर माह में साक्षात्कार देने के बाद यह परीक्षा उत्तीर्ण की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बड़ी बहन, दोस्तों और अपने बड़ों को दिया है। चयन के बाद उनके घर में जश्न का माहौल है। सत्यम ने अपने केन्द्रीय विद्यालय के स्कूली जीवन के समय हैंडबाल में चार बार नेशनल खेला। दो सिल्वर मेडल भी जीते है। इसके बाद राउरकेला में कॉलेज दौरान भी तीन बार नेशनल खेलकर अपने कालेज का नाम रोशन किया है।


अन्य पोस्ट