महासमुन्द
योजना को मूलरूप से खत्म करने का लगाया आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 20 दिसंबर। खल्लारी विधायक व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने मनरेगा का नाम बदलने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अब नए बदलावों के जरिए मनरेगा के मूल स्वरूप को ही खत्म करना चाहती है।
श्री यादव ने कहा कि महान अर्थशास्त्री और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अमत्र्य सेन ने 2009 में यूपीए सरकार के तहत मनरेगा जैसी योजनाएं लागू की। जिसमें 100 दिनों के रोजगार की कानूनी गारंटी दी गई और अगर समय पर काम नहीं मिलता तो बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान भी शामिल था। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान, यही योजना लाखों प्रवासी मजदूरों के लिए जीवन रेखा साबित हुई, जिसने अपने गांवों में लौटे लोगों को रोजगार दिया।
विधायक श्री यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अब नए बदलावों के जरिए मनरेगा के मूल स्वरूप को ही खत्म करना चाहती है। विधायक श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी को दो चीज़ों से पक्की नफऱत है - महात्मा गांधी के विचारों से और गरीबों के अधिकारों से। मनरेगा, महात्मा गांधी के ग्राम-स्वराज के सपने का जीवंत रूप है - करोड़ों ग्रामीणों की जि़ंदगी का सहारा है, जो कोविड काल में उनका आर्थिक सुरक्षा कवच भी साबित हुआ। मगर, प्रधानमंत्री मोदी को यह योजना हमेशा खटकती रही, और पिछले कुछ साल से इसे कमजोर करने की कोशिश करते रहे हैं। आज वो मनरेगा का नामो-निशान मिटाने पर आमादा है।
उन्होंने कहा कि यह नया बिल महात्मा गांधी के आदर्शों का अपमान है - मोदी सरकार ने पहले ही भयंकर बेरोजग़ारी से भारत के युवाओं का भविष्य तबाह कर दिया है, और अब ये बिल ग्रामीण गरीबों की सुरक्षित रोज़ी-रोटी को भी खत्म करने का ज़रिया है। हम इस जनविरोधी बिल का पुरजोर विरोध करेंगे।