महासमुन्द

लेनदेन का मामला, खुदकुशी की कोशिश
18-Dec-2025 3:29 PM
लेनदेन का मामला,  खुदकुशी की कोशिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,18दिसंबर। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम बेलसोंडा रेलवे ट्रैक पर 16-17 दिसंबर  की दरमियानी रात एक युवक द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने की गंभीर घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार युवक ने मालगाड़ी के सामने कूदकर अपनी जान देने की कोशिश की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल 112 एंबुलेंस की सहायता से महासमुंद मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे निजी अस्पताल आर.एल.सी रेफर किया गया। आर.एल.सी अस्पताल के संचालक डॉक्टर मंजीत ने बताया कि युवक को रात करीब एक बजे अस्पताल लाया गया था। हादसे में युवक का एक हाथ कंधे से पूरी तरह कट चुका है और उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों की टीम द्वारा उसका इलाज किया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण बेहतर उपचार की आवश्यकता बताई गई।

बताया जा रहा है कि कल शाम करीब 5 बजे युवक के परिजन उसे अस्पताल से रिलीव करवा कर रायपुर के एक बड़े अस्पताल में इलाज के लिए लेकर रवाना हो गए। परिजनों के अनुसार युवक की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी, जिस कारण यह निर्णय लिया गया।

युवक द्वारा आत्महत्या की कोशिश का कारण ठेकेदार के साथ 56 लाख रुपये के लेनदेन का विवाद बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि युवक इस आर्थिक दबाव से काफी परेशान था और उसने इस संबंध में पहले भी पुलिस को अवगत कराया था। बावजूद इसके, मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से युवक मानसिक तनाव में था।  फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। समाचार लिखते तक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।


अन्य पोस्ट